- खेल विभाग ने प्रदेश भर में इन पुरस्कारों के लिए खिलाडि़यों से मांगे आवेदन

- पहली बार नम्बर के आधार पर मिलेंगे यह पुरस्कार

LUCKNOW: जिन खिलाडि़यों ने देश और विदेश में प्रदेश का मान बढ़ाया है उन्हें खेल विभाग हर साल सर्वोच्च पुरस्कार लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई से सम्मानित करता है। 29 अगस्त को खेल दिवस के दिन प्रदेश में यह पुरस्कार हासिल करने वाले खिलाडि़यों को सम्मानित किया जाना है। इसके लिए खेल विभाग ने खिलाडि़यों से आवेदन मांगे हैं। हर साल की तरह दस लोगों को यह पुरस्कार दिया जाना है।

इन खेलों के खिलाडि़यों को मिलता है पुरस्कार

खेल विभाग तैराकी, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केबॉल, बॉक्सिंग, कैनाइंग एंड क्याकिंग, साइकिलिंग, घुड़सवारी, तलवारबाजी, फुटबॉल, जिम्नास्टिक, हैंडबॉल, हॉकी, जूडो, कबड्डी, खो-खो, रोइंग, शूटिंग, टेबल टेनिस, लॉन टेनिस, वॉलीबॉल, वेटलिफ्टिंग, रेसलिंग, ताइक्वांडो, याचिंग, विंटर, गेम्स, गोल्फ, क्रिकेट, टेनिस बॉल क्रिकेट और सॉफ्ट टेनिस के खिलाडि़यों को यह पुरस्कार देता है। इसके लिए खिलाड़ी को खेल विभाग की कसौटी पर खरा उतरना होना होता है।

आवेदन के लिए यह है जरूरी

इस पुरस्कार के लिए आवेदन करने वाला खिलाड़ी 3 बार प्रदेशीय सीनियर टीम का सदस्य रहा हो। राष्ट्रीय खेल या फिर सीनियर चैम्पियनशिप में हिस्सा लिया हो। जिस साल आवेदन किया है, उस साल उस प्रतियोगिता में मेडल होना चाहिए।

इन मानकों का रखे ध्यान

इसके अलावा इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में ओलम्पिक, विश्व चैम्पियनशिप या विश्व कप (4 साल के अंतर पर होने वाला), एशियन चैम्पियनशिप, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स (4 साल के अंतर पर होने वाला) में हिस्सा लिया है तो उसे भी पात्र माना जाएगा। आवेदन करने वाले खिलाडि़यों को दो फोटो, खेल संघों द्वारा जारी खेल प्रमाण पत्र और उनकी संस्तुति अनिवार्य है।

वेटरन वर्ग में आवेदन करने वाले खिलाडि़यों की उम्र 40 साल से अधिक हो। खेल विभाग में इस साल इन पुरस्कारों के लिए एक अंक तालिका दी गई है। इस अंक तालिका के अनुसार खिलाडि़यों के नम्बर जोड़े जाएंगे, इसमें जो टॉप पर होगा, पहले उन्हें ही पुरस्कृत किया जाएगा।

गेम्स स्वर्ण रजत कांस्य

1. ओलम्पिक गेम्स- 60, 5, 50

2. विश्व चैम्पियनशिप या विश्व कप (चार साल में एक बार आयोजित होने वाली)

55 50 45

3. एशियन गेम्स 50, 45 40

4. कॉमनवेल्थ गेम्स 50, 45 40

5. एशियन चैम्पियनशिप या फिर कॉमनवेल्थ चैम्पियनशिप

(चार साल में एक बार आयोजित होने वाली) 40 35 30

6. सैफ गेम्स 15 12 10

7 राष्ट्रीय खेल 8 7 6

8. राष्ट्रीय सीनियर चैम्पियनशिप 7 6 5

कोट

लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कारों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। 16 अगस्त तक ही आवेदन लिए जाएंगे। इसके बाद आने वाले आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।

डॉ आरपी सिंह

निदेशक, खेल निदेशालय