- नौकरी व शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और ढाई लाख हड़पने का आरोप

- पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की शुरू

DEHRADUN: थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में एक युवती ने युवक पर शादी और नौकरी का झांसा देकर ढाई लाख रुपए हड़पने और दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीडि़ता के मुताबिक गर्भवती होने पर युवक ने उसका गर्भपात करा दिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नौकरी लगाने का दिया था झांसा

थाना प्रभारी नेहरू कॉलोनी राजेश शाह ने बताया कि हरिद्वार निवासी एक युवती ने थाने में तहरीर देकर बताया कि राहुल कुमार पुत्र विनोद कुमार निवासी कुवाखेड़ा, थाना लक्सर हरिद्वार से उसकी जान पहचान थी। आरोपित ने उसे किसी अच्छी जगह नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसकी एवज में उसने उससे ढाई लाख रुपये मांगे, जो उसने उसे दे दिए। लेकिन, आरोपित ने उसकी नौकरी नहीं लगाई। इसके बाद उसने उसे शादी का झांसा दिया और उसके साथ कई दिनों तक दुष्कर्म करता रहा। जिससे वह गर्भवती हो गई। इसके बाद उसने जबरन उसका गर्भपात करा दिया और शादी का दबाव डालने पर आरोपित उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। यहीं नहीं अब आरोपित मुंह खोलने पर उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीडि़त की तहरीर के बाद थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी, मारपीट आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राजेश शाह ने बताया कि पीडि़ता और आरोपित दून में किराये का कमरा लेकर रहते हैं। आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।