- बड़हलगंज की महिला से बलरामपुर में रेप की कोशिश

- अस्पताल में लेखाधिकारी की नौकरी का दिया था झांसा

GORAKHPUR: बलरामपुर जिला अस्पताल में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बदमाशों ने बड़हलगंज की महिला से रेप की कोशिश की। महिला के विरोध जताने पर उसका गला रेतकर झाडि़यों में फेंक दिया। मंगलवार सुबह लोगों ने घायल महिला को देख पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर्स ने उसकी हालत गंभीर बताई है। इस घटना से बड़हलगंज से लेकर लखनऊ तक हड़कंप मचा हुआ है। इस मामले में त्वरित कार्रवाई का निर्देश आईजी जोन मोहित अग्रवाल ने दिया। आईजी के निर्देश पर बलरामपुर पुलिस मामले की जांच में लगी है।

जान-पहचान के युवक ने फंसाया

बड़हलगंज निवासी शादीशुदा महिला की जान-पहचान मऊ जिले के दोहरीघाट, पतनई निवासी एक युवक से थी। युवक ने महिला को सरकारी अस्पताल में लेखाधिकारी बनवाने का झांसा दिया। उसके बहकावे में आकर महिला ने हामी भर दी। सोमवार को युवक ने फोन करके महिला को बलरामपुर पहुंचने को कहा। गोरखपुर से ट्रेन पकड़कर महिला गोंडा पहुंची। वहां उसका परिचित युवक अपने दो अन्य साथियों संग मिला। तीनों ने महिला को होटल में चाय-नाश्ता कराया। इसके बाद फोरव्हीलर में बैठाकर चले गए।

अस्पताल दिखाया, फिर की वारदात

आरोपी युवक महिला को बलरामपुर अस्पताल ले गए। वहां कुछ देर रुकने के बाद घुमाने के बहाने लेकर कहीं और चले गए। महिला को बताया कि थोड़ी देर बाद आकर नौकरी के संबंध में बातचीत की जाएगी। आरोप है कि वह लोग महिला को इधर-उधर घुमाते रहे। शाम होने पर एक सुनसान जगह पर लेकर चले गए। अगले दिन अस्पताल चलने की बात तय हुई। इस दौरान युवकों ने महिला के साथ जोर जबरदस्ती शुरू कर दी। महिला ने विरोध जताया तो उसकी पिटाई कर गहने और पांच हजार नकदी छीन लिया। जान लेने की नीयत से उसका गला चाकू से रेत दिया। महिला के अचेत होने पर झाडि़यों में फेंककर फरार हो गए। किसी राहगीर ने पुलिस को सूचना दी। महिला को अस्पताल में भर्ती कराकर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।