-मंडुवाडीह में दो बच्चों की मां को शादी का झांसा देकर अंजान शख्स चार सालों तक करता रहा शोषण

--SSP के आदेश के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस

VARANASI: मंडुआडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर में किराये पर रहकर आर्टिफिशियल ज्वेलरी बनाने का काम करने वाली महिला को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का जुर्म सामने आया है। मूल रूप बलिया की रहने वाली पीडि़त महिला का आरोप है कि फोन पर एक अंजान व्यक्ति से दोस्ती के बाद उसने उसे शादी करने का झांसा दिया फिर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।

फोन पर हुई दोस्ती

बताते हैं कि पति से अलग होने के बाद चार साल पहले दो बच्चों की मां को उसके मोबाइल फोन पर किसी अनजान व्यक्ति की कॉल आयी। बातचीत शुरू हुई तो मोबाइल पर ही अनजान से जान पहचान बन गई। अल्लापुर इलाहाबाद निवासी अनिल कुमार से बातचीत आगे बढ़ी और दोनों में प्यार हो गया। जिसके बाद दोनों एक दूसरे से मिले और साथ जीने मरने के वादे के बाद दोनों इलाहाबाद स्थित एक मंदिर में शादी कर ली। शादी के बाद बनारस के चांदपुर में पति पत्‍‌नी की तरह रहने लगे। महिला का आरोप है कि वह कोर्ट से शादी का प्रमाण पत्र लेने का जब भी दबाव बनाती तो अनिल टाल देता था। एक पखवारे से अनिल उसके पास नहीं आया तो उसे ढूंढना शुरू किया। इस दौरान पता चला कि अनिल ने दूसरी शादी कर ली है। इससे क्षुब्ध होकर पीडि़त महिला इलाहाबाद के जार्ज टाउन थाने फरियाद लेकर पहुंची। लेकिन वहां उसकी बात नहीं सुनी गयी। तब महिला बुधवार को मंडुवाडीह थाने पहुंची लेकिन यहां पुलिस ने तहरीर लेकर उसे वापस भेज दिया। इस पर उसने गुरुवार को एसएसपी से मुलाकात कर गुहार लगाई। जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज किया।