- सहजनवां का मामला, गांव में ही रहने वाले सिपाही का बेटा है आरोपी

- आठवीं की छात्रा का अपहरण कर किया रेप, हालत बिगड़ने पर घर छोड़ भागा

GORAKHPUR: एक तरफ सीएम आदित्यनाथ योगी ने लड़कियों पर फब्तियां कसने व उन्हें छेड़ने वालों को सबक सिखाने के लिए एंटी रोमियो स्क्वॉयड को लगाया है। शासन द्वारा ऐसे मामलों को रोकने के लिए लगातार पुलिस को हिदायत दी जा रही है, वहीं सीएम के ही जनपद में एक सिपाही के बेटे की करतूत के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। सहजनवां एरिया के गांव में रहने वाले सिपाही के बेटे ने गांव की आठवीं की छात्रा का अपहरण कर चार दिनों तक रेप किया। छात्रा की हालत बिगड़ने पर उसे घर छोड़कर फरार हो गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

22 मार्च को किया किडनैप

सहजनवां एरिया के एक गांव की किशोरी आठवीं कक्षा में पढ़ती है। 22 मार्च की सुबह वह पैदल ही स्कूल जा रही थी। गांव के बाहर युवक मिला। आरोप है कि उसने किशोरी को जबरन फोर व्हीलर में बैठा लिया। अपहरण करके कहीं लेकर चला गया। शाम तक किशोरी घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। किशोरी का पता लगने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस उसकी तलाश कर पाती। इसके पहले शनिवार की शाम किशोरी को छोड़कर आरोपी फरार हो गया।

रिश्तेदारी में ले जाकर किया रेप

बदहवास हाल घर पहुंची किशोरी ने परिजनों को पूरी बात बताई। कहा कि गांव के सिपाही के बेटे ने उसे वाहन में बैठा लिया। रिश्तेदारी में ले जाकर बंधक बना दिया। उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। किशोरी के विरोध करने पर घर पहुंचाने के बजाय इधर-उधर रिश्तेदारी में लेकर घूमता रहा। चार दिनों में उसने कई बार किशोरी से रेप किया। परिजनों को सूचना देने की बात पर जानमाल की धमकी देता रहा। किशोरी की हालत खराब होने पर 25 मार्च की शाम घर छोड़कर फरार हो गया।

वर्जन

पीडि़त किशोरी के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ अपहरण, रेप का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश में पुलिस लगी है।

राकेश सिंह यादव, इंस्पेक्टर, सहजनवां