आई एक्सक्लूसिव, मनोज बेदी

मेरठ : कॉलेजों व स्कूलों के बाहर मनचलों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब युवतियों के इशारों पर मनचलों की धड़पकड़ होगी। मनचलों को पकड़कर पुलिस उन्हें रेड कार्ड जारी करेगी। इसके तहत उन्हें चेतावनी दी जाएगी कि वह अगर दोबारा छेड़छाड़ करते हुए पाया गया तो बिना जांच के मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

 

बढ़ रहीं छेड़छाड़ की घटनाएं

शहर में युवतियों के साथ छेड़छाड़ की घटना कम होने का नाम नहीं ले रही है। एंटी रोमियो स्क्वायड भी मनचलों को पकड़ने में नाकाम साबित हो रहा है। पुलिस अब मनचलों की सबक सिखाने के लिए रेड कार्ड देगी। कार्ड देकर उन्हें वार्निग दी जाएगी।

 

सादी वर्दी में तैनात होगी पुलिस

एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि छेड़छाड़ रोकने के लिए पुलिस ने मनचलों के खिलाफ कठोर कदम उठाया है। उन्होंने बताया कि अभी शहर के 50 स्कूलों, कॉलेजों व सार्वजनिक स्थलों को चिंहित किया है। सादे कपड़े में पुलिस कॉलेजों के बाहर तैनात रहेगी।

 

छात्राएं देंगी फीडबैक

छात्राओं को एक फीड बैक फार्म दिया जाएगा। जिसमें छात्राएं मनचलों का नाम व मोबाइल नंबर पुलिस को देगी। अथवा उसकी लोकेशन भी फार्म के जरिए पुलिस को बताएंगी।

 

पुलिस देगी रेड कार्ड

इसके बाद पुलिस उस मोबाइल नंबर के सहारे मनचलों को दबोचकर उन्हें रेड कार्ड जारी करेगी। उन्हें यह चेतावनी देकर छोड़ा जाएगा कि अगर दोबारा छेड़खानी करते हुए पाए गए तो बिना जांच के ही मुकदमा दर्ज होगा।

 

युवतियों के साथ छेड़छाड़ रोकने के लिए मनचलों को रेड कार्ड जारी करने का कदम उठाया गया है। अगर यह कामयाब होता है तो पूरे जिले में इसे लागू कर दिया जाएगा।

मान सिंह चौहान एसपी सिटी