- गंदगी का लगा रहता था अंबार, लोगों को मिली राहत

- गंदगी के कारण सड़क पर लगा रहता था जाम

मेरठ। सालों से शहर की जनता के लिए नासूर बना हुआ ब्रह्मापुरी डलावघर हट गया, जिस पर लोगों को खासी राहत मिली है। गंदगी इस कदर रहती थी कि उस सड़क पर रोजाना जाम की समस्या बनी रहती थी। वहां से डलावघर हटने के बाद निर्माण कार्य चल रहा है।

कमिश्नर ने किया था दौरा

उस डलावघर को हटाने के लिए अनेक बाद लोग धरना प्रदर्शन तक कर चुके हैं। बावजूद इसके नगर निगम के अधिकारी लोगों की समस्या को सुनने के लिए तैयार नहीं थे। लेकिन कमिश्नर डॉ। प्रभात कुमार के निरीक्षण करने के बाद डलावघर को हटाने के निर्देश के बाद निगम के अधिकारियों ने डलावघर को हटा दिया।

रहती थी गंदगी

ब्रह्मापुरी में मुख्य सड़क पर डलावघर था। वहां पर हमेशा गंदगी का अंबार लगा रहता था। डलावघर का कूड़ा सड़क तक आ जाता था। जिसके कारण वहां पर जाम की समस्या बनी रहती थी। लोगों का वहां से निकलना तक दूभर हो जाता था।

डलावघर हटने से काफी राहत मिली है। वहां पर हमेशा गंदगी का ढेर ही पड़ा रहता था। वहां से निकलने के लिए मुंह पर कपड़ा रखना पड़ता था।

प्रशांत कौशिक

डलावघर को हटाने के लिए अनेक बार धरने प्रदर्शन किए जा चुके हैं। लेकिन नगर निगम के अधिकारियों के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही थी।

अश्वनी कौशिक

यहां पर पूरे ब्रह्मापुरी का कूड़ा पड़ता था। निगम के सफाई कर्मचारी पूरे क्षेत्र का कूड़ा लाकर या तो यहां डालते थे। या फिर नाले में फेंक देते थे।

आशीष त्यागी

डलावघर हटावाने के लिए पार्षद से लेकर लोगों तक ने निगम को अनेक बार एप्लीकेशन दी। लेकिन निगम के अधिकारी वहां से डलावघर को हटाने के लिए तैयार ही नहीं थे।

संजीव कुमार शर्मा

डलावघर को वहां से हटा दिया गया है। पास में ही निगम की खाली जगह पर नया डलावघर बनाया जा रहा है।

डॉ। कुंवर सेन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम