- एलडीए की 3500 में करीब 1949 रेंट संपत्तियां

- रेंट संपत्तियों में रहने वालों को जारी हो चुका है नोटिस

LUCKNOW: एलडीए की ओर से अब अपनी रेंट संपत्तियों में रहने वालों पर नजरें टेढ़ी कर दी गई हैं। एलडीए की ओर से नए सिरे से रेंट संपत्तियों का सत्यापन कराया जा रहा है। रेंट संपत्तियों में रहने वाले लोगों को नोटिस भी जारी किया जा चुका है। नोटिस के माध्यम से रेंट संपत्तियों में रहने वालों को डॉक्यूमेंट पेश करने के लिए कहा गया है। जो लोग डॉक्यूमेंट्स पेश नहीं कर पाएंगे, उनके खिलाफ एलडीए की ओर से कार्रवाई की जाएगी।

1949 रेंट संपत्तियां

एलडीए की कुल 3500 संपत्तियां हैं। जिसमें से करीब 1949 रेंट संपत्तियां हैं। इन्हीं रेंट संपत्तियों को लेकर एलडीए की ओर से कदम उठाया गया है और कागजात प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया गया है।

कैंप में दिख रहा असर

एलडीए की ओर से कैंप भी लगाया गया है। जिसके माध्यम से रेंट संपत्तियों के कागजातों की जांच की जा रही है। अभी तक करीब 74 लोग कैंप में पहुंचे हैं। इन सभी से कागजात पेश करने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही 50 प्रतिशत लोगों की ओर से आवेदन दिए गए हैं, जिनकी स्क्रूटनी की जा रही है।

जमा हो रहा किराया

कैंप लगाए जाने से एलडीए को फायदा भी होता नजर आ रहा है। पिछले तीन दिन के कैंप की बात की जाए तो किराए के रूप में दो लाख रुपये एलडीए के कोष में जमा हुए हैं। 12 व 13 मार्च को 1लाख 43 हजार 500 रु। व 14 मार्च को 42 हजार 180 रुपये जमा हुए हैं।

ओएसडी ने संभाली जिम्मेदारी

रेंट संपत्तियों को लेकर ओएसडी ने जिम्मेदारी संभाली हुई है। ओएसडी खुद ही रेंट संपत्तियों को लेकर मॉनीटरिंग कर रहे हैं। वह खुद रेंट संपत्तियों के कागजातों की पड़ताल कर रहे हैं।

वर्जन

एलडीए की रेंट संपत्तियों का सत्यापन शुरू कराया गया है। संपत्तियों में रहने वाले लोगों से कागजात मांगे गए हैं। इस कदम को उठाने की प्रमुख वजह रेवन्यू की रिकवरी करना और अनाधिकृत लोगों से संपत्ति वापस लेना है। सभी को 25 मार्च तक का समय दिया गया है। जो लोग डॉक्यूमेंट्स नहीं दिखा पाएंगे, उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।

राजीव कुमार, ओएसडी, एलडीए