- 30 अप्रैल तक सभी बीडब्ल्यूओ को देना था उपयोगिता प्रमाण पत्र

- साइकिल खरीदारी पर छात्रों का लेना था उपयोगिता प्रमाण पत्र

रांची : जिला कल्याण विभाग द्वारा कक्षा आठवीं में अध्ययनरत छात्रों को साइकिल खरीदारी के लिए राशि उपलब्ध करा दी है। लेकिन, उनके द्वारा अब तक कई स्कूलों को उपयोगिता प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं करवाया गया। इससे जिले की मुसीबतें और बढ़ती चली जा रही है। उपायुक्त के निर्देश पर तीस अप्रैल तक सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी (बीडब्ल्यूओ) को छात्रों का उपयोगिता प्रमाण पत्र जिला कल्याण कार्यालय को उपलब्ध करा देना था। लेकिन सभी प्रखंडों से इसकी विभाग को नहीं मिली। सिर्फ बुढ़मू, लापुंग और कांके से ही कुछ छात्रों का उपयोगिता प्रमाण पत्र मिला। जबकि शेष प्रखंडों ने अपनी सूची विभाग को उपलब्ध नहीं कराई। प्रखंड कल्याण पदाधिकारी ने इसके लिए कुछ दिनों का और समय मांगा है।

सख्त निर्देश

हालांकि उपायुक्त ने सख्त निर्देश दिया था कि हर हाल में वे अपनी सूची विभाग को उपलब्ध करा देंगे। लेकिन उनके इस निर्देश को प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों ने भी हल्के में लिए। अगर उपयोगिता प्रमाण पत्र विभाग को नहीं मिलेगा तो ऑडिट के दौरान परेशानी बढ़ सकती है। रांची जिले में 16471 छात्रों को साइकिल की राशि उनके खाते में डाली गई थी। लेकिन, 5700 छात्रों का ट्रांजेक्शन फेल हो गया था। इसलिए शेष विद्यार्थियों की राशि उनके खाते में सीधे डाली गई। लाभुकों को तीन-तीन हजार रुपए की राशि दी जा रही है।

फरवरी में मिली थी राशि

फरवरी माह में ही रांची जिला कल्याण कार्यालय ने सभी छात्रों के खाते में साइकिल की राशि डाल दी थी। लेकिन अभिभावकों ने उपयोगिता प्रमाण पत्र जमा नहीं किया। अभिभावकों को 15 मार्च तक उपयोगिता प्रमाण पत्र जमा कर देना था। पर ऐसा नहीं हुआ। वहीं उपायुक्त ने सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया है वह 30 अप्रैल तक सभी स्कूलों से उपयोगिता प्रमाण पत्र प्राप्त कर कल्याण कार्यालय में जमा कर दें।

प्रखंड कल्याण पदाधिकारी को 30 अप्रैल तक उपयोगिता प्रमाण पत्र देना था। इस संबंध में जिला कल्याण विभाग से मामले की जानकारी लूंगा।

मनोज कुमार

उपायुक्त, रांची