- मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संयोजक ने हजरतगंज थाने में दी तहरीर

- अयोध्या कांड को लेकर विवादित बयान दिया था सपा मुखिया ने

LUCKNOW: अयोध्या कांड को लेकर विवादित बयान देने के मामले में सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव की मुसीबत बढ़ सकती है। बयान पर आपत्ति जताते हुए मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संयोजक ने हजरतगंज थाने में मुलायम पर केस दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। तहरीर के साथ बयान की एक आडियो वीडियो सीडी भी उपलब्ध कराई है। हजरतगंज पुलिस ने तहरीर लेकर जांच के बाद एफआईआर दर्ज करने की बात कहीं है।

सपा मुखिया के खिलाफ दी तहरीर

मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के अवध प्रांत संयोजक रईस खान अपने समर्थकों के साथ बुधवार को हजरतगंज थाने पहुंचे। जहां उन्होंने सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के खिलाफ तहरीर दी। साथ ही तहरीर को चस्पा भी कर दिया।

आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप

मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संयोजक रईस खान का आरोप है कि सपा मुखिया मुलायम सिंह ने 27 अगस्त को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में अपने जीवन पर आधारित पुस्तक 'बढ़ते गए साहसिक कदम' के विमोचन कार्यक्रम के मौके पर अयोध्या कांड के मामले में आपत्तिजनक बयानबाजी की थी। उन्होंने कहा था कि 1990 में अयोध्या में कार सेवकों पर गोली चलाने का आदेश दिया था। देश की एकता के लिए 16 नहीं 30 जाने भी जानती तो कोई अफसोस नहीं होता।