मोबाइल नंबर के जरिए सर्विलांस से पुलिस को मिली लोकेशन

ALLAHABAD: मुंडेरा गांव निवासी दूध कारोबारी रिंकू यादव को गोली मारने के आरोपी नितिन पाल की लोकेशन कौशाम्बी में मिली है। इसके बाद इलाहाबाद पुलिस की टीम कौशाम्बी पहुंच गई है। टीम ने लोकल पुलिस की मदद से कौशांबी के पिपरी, पूरामुफ्ती, सैनी सहित अन्य ठिकानों पर दबिश दी। लेकिन आरोपी अभी पकड़ में नहीं आ सका है। इस बीच पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपी के कई रिश्तेदारों को हिरासत में लिया है। पुलिस का दावा है कि रिश्तेदारों ने कई अहम जानकारियां दी हैं।

कई रिश्तेदारों से की गई पूछताछ

धूमनगंज पुलिस ने आरोपी नितिन पाल के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगा रखा था। सर्विलांस पर आरोपी के मोबाइल की लोकेशन सोमवार रात कौशाम्बी के पूरामुफ्ती और मंगलवार सुबह सैनी इलाके में मिली। लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम गिरफ्तारी के लिए कौशाम्बी पहुंची। पुलिस का दावा है कि उसके रिश्तेदारों से की गई पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं।

कब और कैसे हुई थी वारदात

- डेयरी संचालक रिंकू रविवार दोपहर भैंस चराने गंगा के कछार में गया था

- वहां आरोपी नितिन और उसके साथियों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ

- आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद रिंकू को पीछे से पीठ पर आरोपी ने गोली मार दी

- घायल रिंकू के परिजन राधेश्याम की तहरीर पर पुलिस ने नितिन व उसके दोस्तों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।

रिंकू की हालत में सुधार

घायल रिंकू की हालत में अब डॉक्टर्स ने सुधार बताया है। मंगलवार को अस्पताल की ओर से बताया गया है कि वह खतरे से बाहर है।

आरोपी नितिन की की लोकेशन कौशांबी में मिली है। लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम भेजी गई है। टीम ने कई स्थानों पर छापेमारी की है। उम्मीद है कि जल्द ही वह पुलिस की गिरफ्त में होगा।

श्रीशचंद्र, सीओ, सिविल लाइंस