पल्सर बाइक सवार युवक ने टक्कर मार कर 2 महिलाओं को किया घायल

हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दोनों महिलाओं ने तोड़ा दम

DEHRADUN:

तेज रफ्तार बाइक सवार ने एक बार फिर दो महिलाओं की जान ले ली। ईसी रोड स्थित भारत हार्ट अस्पताल के बाहर अपने परिजन से मिलने आईं 2 महिलाओं को एक पल्सर बाइक सवार युवक ने टक्कर मार कर घायल कर दिया। घायल महिलाओं को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों महिलाओं की मौत हो गई। बता दें कि टक्कर के बाद बाइक सवार युवक भी सड़क पर गिर कर घायल हो गया। जिसे चीता पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।

परिजन से मिलने आई थी महिलाएं

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ईसी रोड स्थित भारत हार्ट अस्पताल के बाहर एक्सीडेंट की कंट्रोल रुम को सूचना मिली। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक डालनवाला व चौकी इंचार्ज आराघर मौके पर पहुंचे। जानकारी जुटाने पर पता चला कि मूल रुप से मोरी उत्तरकाशी, वर्तमान में सुमननगर, धर्मपुर की रहने वाली पवित्री देवी पत्नी भजन सिंह उम्र 52 वर्ष और नीलम रावत पत्नी भगत सिंह उम्र 42 भारत हर्ट अस्पताल में अपने परिजनों से मिलने आई थी। इसी बीच तेज रफ्तार से आ रहे एक बाइक सवार 19 वर्षीय अंकित पुत्र श्याम लाल ने महिलाओं को टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों महिलाएं घायल हो गई। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान दोनों महिलाओं की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पंचायत नामा कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपी बाइक सवार को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ कोतवाली डालनवाला में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

अब तक 326 मौत टू व्हीलर से

आपको बताते चलें कि दैनिक जागरण आईनेक्स्ट ने दून में बढ़ रहे तेज रफ्तार से एक्सीडेंट के मामलों को लेकर गुरुवार के अंक में खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो 16 साल में दून में 5370 सड़क हादासों में 2497 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें 4978 लोग घायल हुए हैं। पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 1 मई से 15 मई तक राजधानी में 21 दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। जबकि 2017 में 5 माह में 122 एक्सीडेंट हुए जिनमें 46 लोगों ने जान गंवाई। इधर पुलिस विभाग द्वारा किए गए केस स्टडी में सामने आया है कि सड़क दुर्घटना में सबसे ज्यादा मौतें कार से हो रही हैं। 2001 से सड़क हादसों में 2497 मौत हुई, जिसमें 782 मौत कार से हुई। इसके बाद सबसे ज्यादा 490 मौत की वजह ट्रक रहे हैं। इसके बाद 326 मौत मोटर साइकिल, 319 टैक्सी, 313 बस और 267 मौत जीप से हुई हैं।

वाहनों ने ली जान

वाहन मौत

कार 782

ट्रक 490

बाइक 326

टैक्स 319

बस 313

जीप 267

(यह आंकड़े 2001 से अब तक के हैं.)