आगरा। तीन अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।

ट्रक खोखे में घुसा, एक मौत

व्यापारी मोहल्ला, खंदौली निवासी 45 वर्षीय नत्थी कुरैशी पुत्र कल्लू हाथरस रोड पर पान का खोखा करते हैं। वह बुधवार रात खोखे पर ही सो रहे थे। गुरुवार तड़के आगरा की तरफ से आ रहा एक ट्रक अनियंत्रित हो गया। स्कूल बस से टकराकर ट्रक खोखे में जा घुसा। हादसे में नत्थी गंभीर रूप से घायल हो गया। हॉस्पिटल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया गया कि आक्रोशित लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ का प्रयास किया।

दवा लेने आई महिला को कुचला

गांव बिजोलपुरी, थाना फतेहाबाद निवासी 55 वर्षीय श्रीदेवी पत्‍‌नी राजेन्द्र सिंह यहां एमजी रोड, सेंट जॉन्स स्थित क्लीनिक पर पति के साथ दवा लेने आई थी। दोपहर में वह रिक्शे से उतरकर सड़क पार कर रहीं थी। तभी दूसरी ओर से आ रही एक कार ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल श्रीदेवी ने हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया। मृतका के दो बेटे व एक बेटी बताई गई है।

बस की टक्कर से तीन घायल

नई आबादी, सुभाष नगर निवासी अंजलि पुत्र बनवारी लाल अपने भाई मोनू के साथ गांव गढ़वाई गई थी। गुरुवार दोपहर वह बाइक से लौट रही थी। बाइक पर तीन लोग थे। सोनू पुत्र फूल सिंह भी साथ था। रास्ते में वायु विहार मार्ग पर एक बस ने टक्कर मार दी। बस की टक्कर से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एसएन हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया।