- महज 2,990 में साल भर की यात्रा फ्री कर सकेंगे पैसेंजर्स

फैक्ट फाइल

- मेंबरशिप कार्ड 1 साल के लिए होगा मान्य

- 2990 रुपए का होगा मेंबरशिप कार्ड

- परिवहन निगम को यात्री किराए से होती है 4,000 हजार करोड़ रुपए इनकम

- 56 करोड़ यात्री परिवहन निगम की बसों में करते हैं साल भर में सफर

sanjeev.pandey@inext.co.in

LUCKNOW: होटलों और क्लब की तरह परिवहन निगम यात्रियों के लिए जल्द ही मेंबरशिप कार्ड की सुविधा देगा। इससे यात्रियों को कम किराए में प्रदेश की किसी भी बस में सफर की सुविधा मिलेगी। निगम अपनी इस नायाब योजना को नीति आयोग के सामने प्रजेंट कर चुका है। आगामी मंगलवार को एक बार फिर योजना को को लेकर परिवहन निगम और नीति आयोग के अधिकारियों की बैठक है। माना जा रहा है इस बैठक में ही योजना को औपचारिक मंजूरी मिल जाएगी।

एक साल के लिए होगा मान्य

नयी योजना के तहत मेंबरशिप कार्ड 2,990 रुपए का होगा। कार्ड एक साल के लिए मान्य होगा। इस योजना से बिजनेसमैन समेत उन पैसेंजर्स को खासा फायदा होगा जो साल में तीन हजार से अधिक रुपए की यात्रा कर लेते हों।

नहीं लेना होगा टिकट

मेंबरशिप कार्ड लेने के बाद यात्री को एक साल के लिए किसी भी तरह की अन्य धनराशि का भुगतान परिवहन निगम को नहीं करना होगा। वह प्रदेश में परिवहन निगम की किसी भी बस में कहीं की यात्रा कर सकेगा। इससे पैंसजर्स को काफी लाभ होगा। दिल्ली आने-जाने वालों का साल भर में जहां दस हजार से अधिक की रकम बस के किराए में चली जाती है, स्मार्ट कार्ड के माध्यम से उसका मात्र 2,990 रुपए ही खर्च होंगे।

निगम को भी फायदा

परिवहन निगम के अनुसार हर साल परिवहन निगम में यात्रियों से होने वाली आय लगभग 4,000 हजार करोड़ रुपए है। सालाना 56 करोड़ यात्री परिवहन निगम की बस में सफर करते हैं। ऐसे में 2,990 रुपए वाले मेंबरशिप स्मार्ट कार्ड यदि 1.50 करोड़ यात्री लेते हैं तो परिवहन निगम को साल भर में मिलने वाली 4,000 करोड़ की इनकम हो जाएगी। इसके साथ ही साल भर अन्य यात्रियों से होने वाली आय तो होती ही रहेगी।

निगम की सभी बसों में सफर

मेंबरशिप कार्ड लेने के बाद यात्री परिवहन निगम की हाईएंड बसों से लेकर सामान्य बसों तक में फ्री सफर कर सकेंगे। इसमें स्कैनिया, वॉल्वो, जनरथ, शताब्दी और साधारण बस सेवाएं शामिल हैं।

योजना से परिवहन निगम को फायदा मिलेगा। वहीं यात्रियों को खास लाभ होने की उम्मीद जताई जा रही है। यह स्कीम एक जून को परिवहन निगम के स्थापना दिवस पर लागू की जा सकती है।

- एच एस गाबा, मुख्य प्रधान प्रबंधक, संचालन परिवहन निगम