ALLAHABAD: नवाबगंज स्थित कौडि़हार कसारी गांव के पास तमंचा सटा कर बदमाशों ने बिजनेसमैन के डेढ़ लाख रुपए लूट लिए। बिजनेसमैन फाफामऊ में माल सप्लाई करके वापस लौट रहा था। लुटेरे एक बाइक पर दो की संख्या में थे। व्यापारी ने लूट की शिकायत पुलिस से की है।

लालगोपालगंज कस्बा निवासी मनोज कुमार स्थानीय नगर पंचायत पूर्व अध्यक्ष के पुत्र हैं। कई माह से मनोज एक नामी कंपनी की एजेंसी चला रहे हैं। आर्डर पर वह माल सप्लाई करने के लिए फाफामऊ गए हुए थे। वहां सप्लाई के बाद बाद उन्हें रिकवरी में डेढ़ लाख रुपए मिले थे। सारा पैसा लेकर वह वापस लौट रहे थे। कौडि़हार कसारी गांव के पास बाइक सवार दो बदमाश उन्हें रोक लिए। रुकते ही बदमाश तमंचा सटा कर उनका बैग लूट कर फरार हो गए। मनोज के मुताबिक बैग में डेढ़ लाख से अधिक रुपए थे। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की है।