जाटवपुरी तिराहे पर बाइक छोड़ फरार हुए लुटेरे

बरामद बाइक मैनपुरी की, जांच में जुटी पुलिस

फीरोजाबाद: दिनदहाड़े लूट की घटना से पुलिस और पब्लिक में सनसनी फैल गई। पब्लिक के साथ ही पुलिस भी लुटेरों के पीछे दौड़ ली, मगर वे पकड़ में नहीं आ सके। लुटेरे बाइक छोड़ फरार हो गए। पुलिस बरामद बाइक के आधार पर जानकारी जुटाने में जुटी हुई है।

बताते हैं मंगलवार सुबह करीब दस बजे हाईवे मौड़ा के समीप एक युवक को बाइक सवार तीन युवकों ने लूटने के उद्देश्य से रोक लिया। लूटपाट के विरोध पर लुटेरों ने मारपीट कर दी, जिससे युवक घायल हो गया। शोरगुल पर आसपास के लोग एकत्र हुए तो लुटेरे भाग लिए। पब्लिक ने लुटेरों का पीछा करने के साथ ही पुलिस को सूचना दी। वायरलेस सेट पर आई खबर के साथ ही रसूलपुर पुलिस भी लुटेरों के पीछे दौड़ ली। लुटेरे जाटवपुरी चौराहे के आसपास बाइक छोड़ गलियों में जा घुसे। आसपास के लोग एकत्रित हो गए। पुलिस ने लुटेरों की बाइक को कब्जे में ले लिया और थाने ले गई। बाइक पर दर्ज रजिस्ट्रेशन नंबर से जानकारी की तो यह मैनपुरी की निकली। पुलिस नाम व पते के आधार पर जानकारी में जुट गई है। एसओ रसूलपुर शैलेंद्र यादव ने बताया लूट की सूचना मिली थी। पीछा करने के दौरान युवक बाइक छोड़ भाग गए। जानकारी पर पता चला है बाइक मैनपुरी की है। घटना स्थल पर जानकारी जुटाई तो मामला मारपीट का भी बताया जा रहा है। बाइक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जाटवपुरी चौराहे पर कुछ लोग एक बाइक पर सवार युवकों का पीछा कर रहे थे, लेकिन वे भाग गए। बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।