-गोली लगने से दो युवक घायल, जिला अस्पताल में भर्ती

-पुलिस ने चार के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट, जांच शुरू

MEERGANJ/SHAHI: गांव चकदहा में मंगलवार रात रास्ते को लेकर विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर फायरिंग एवं पथराव हुआ, जिससे दो लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने एक पक्ष के चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं घटना से गांव में दहशत फैल गई है।

दो पक्ष आमने-सामने आ गए

गांव चकदहा में बांके अपने मकान का निर्माण करा रहा था। इसी बीच गांव का ही इस्लाम ने बांके से कुछ रास्ता छोड़कर निर्माण कार्य कराने की बात कही। इस पर दोनों में कहासुनी हो गई और दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। देखते-देखते दोनों गुटों के बीच फायरिंग और पथराव शुरू हो गया। गोली लगने से जरीफ घायल हो गया और दूसरे पक्ष का भी एक व्यक्ति घायल हो गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। शाही पुलिस ने इस्लाम की तहरीर पर जिबराईल, बांके, फारूक और इलियास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।