-चोर तीन लाख की ज्वेलरी और कीमती सामान लेकर फरार BHAMAURA : पुलिस की लाख कोशिश के बावजूद चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। थाना क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने बुधवार रात गांव नकटपुर में रिटायर्ड रेलकर्मी के घर धावा बोल दिया। चोर दीवार फांद कर घर में घुसे और करीब तीन लाख रुपये की ज्वैलरी व अन्य सामान चुरा ले गए। घटना की जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया। पीडि़त पक्ष ने थाने में तहरीर दी है।

छत पर सो रहे थे परिजन

गांव नकटपुर सेवानिवृत्त रेलकर्मी नन्हेंलाल का परिवार रहता है। नन्हेंलाल की पत्नी सुदेश देवी ने बताया कि बुधवार रात परिवार के लोग छत पर सो रहे थे। रात में चोर उनके घर में घुस आए और कमरे में लगा ताला तोड़ कर संदूक से रखे सोने के गहने और अन्य कीमती सामान चुराकर ले गए। सुबह नीचे आने पर चोरी की जानकारी हुई। कमरे का ताला टूटा था और सारा सामान बिखरा हुआ था। वहीं पड़ोस में खाली बक्से पड़े मिले। सूचना पर पुलिस ने जांच की, मगर चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका। पीडि़ता ने कार्रवाई को थाने में तहरीर दे दी है, मगर पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। हल्का इंचार्ज सीपी सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।