शनिवार से थे भूख हड़ताल पर, रात भर मुख्यालय पर भीगते रहे

फीरोजाबाद। मानदेय भुगतान की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे ग्राम रोजगार सेवकों पर प्रशासन को जरा भी तरस नहीं आया। शनिवार से भूख हड़ताल पर बैठे रोजगार सेवक रात भर बारिश में भीगते रहे। जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद भी प्रशासन ने उनकी सुध नहीं ली। बाद में साथी रोजगार सेवक ही उन्हें जिला अस्पताल लेकर आए। जहां चार सेवकों को भर्ती कर लिया गया।

24 फरवरी से जिला मुख्यालय पर धरना दे रहे रोजगार सेवकों ने प्रशासन पर कोई असर पड़ता न देख शनिवार की सुबह 10 बजे से भूख हड़ताल शुरू कर दी थी। सीडीओ सुजीत कुमार ने उन्हें मानदेय भुगतान का आश्वासन देकर आंदोलन खत्म करने को कहा था, लेकिन पहले कई बार आश्वासन पूरे न होने के कारण रोजगार सेवकों ने भूख हड़ताल खत्म नहीं की। वे बिना कुछ खाए, पिए भूख हड़ताल पर बैठे रहे। रात भर हुई बारिश भी उन्हें झेलनी पड़ी। उनके बिस्तर भी भीग गए। इधर दिन में भी बूंदाबांदी होती रही। इसका दुष्परिणाम ये हुआ दोपहर दो बजते बजते एक एक कर चार रोजगार सेवकों की तबियत बिगड़ गई। जिससे साथी रोजगार सेवक भी परेशान हो गए। रोजगार सेवक संघ के जिलाध्यक्ष आदित्य यादव ने 102 नंबर पर फोन करके एंबूलेंस बुलवाई। जिसमें बिठाकर उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। यहां चारों रोजगार सेवकों को भर्ती कर लिया। इस घटना से रोजगार सेवकों एवं उनके परिजनों में आक्रोश बढ़ गया है।