घर से भागकर दिल्ली, मुंबई के लिए निकले चार बच्चों को जीआरपी ने स्टेशन पर पकड़ा

ऑपरेशन मुस्कान के तहत अभियान चला रही जीआरपी ने बच्चों को साथी संस्था को सौंपा

ALLAHABAD: माता-पिता ने बच्चों को किसी बात को लेकर डांटा नहीं कि बच्चे घर छोड़ कर दिल्ली या मुंबई की ओर रूख कर ले रहे हैं। गुरुवार को इलाहाबाद जंक्शन पर जीआरपी इंस्पेक्टर मनोज सिंह ने चार ऐसे ही बच्चों को पकड़ा जो घर से भाग कर महानगरों की ओर जा रहे थे। जंक्शन पर किसी ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। जिन्हें साथी संस्था को सौंप दिया गया।

मुस्कान बिखेर रहा ऑपरेशन

जीआरपी इलाहाबाद की टीम ने पिछले कुछ दिनों से ऑपरेशन मुस्कान चला रखा है। जिसके तहत जो बच्चे घर छोड़ कर भागने का प्रयास करते हैं या जंक्शन पर पकड़े जाते हैं, उन्हें साथी संस्था की मदद से परिजनों को सौंप दिया जाता है। गुरुवार को जंक्शन पर मिले बच्चों से जब जीआरपी इंस्पेक्टर ने पूछताछ की तो उन्होंने घर से भागने कारण कुछ इस प्रकार बताया।

पढ़ाई के लिए पड़ी थी डांट

सोनभद्र जनपद के सावडीह निवासी राजनाथ ने बताया कि वह कक्षा पांच का छात्र है। पढ़ाई में उसका मन नहीं लगता है। घर वाले पढ़ाई के लिए मारते-पीटते थे। इसलिए पढ़ाई से बचने के लिए घर से भाग निकला। वहीं सोनभद्र के ही बसंत ने बताया कि वह पढ़ाई नहीं करना चाहता है। बल्कि काम करके पैसा कमाना चाहता है। भदोही के हाथी नाला निवासी 14 वर्षीय राजदेव ने बताया कि पढ़ाई में मन नहीं लगता था। इसलिए काम करने के लिए घर छोड़ कर जा रहा था। ज्ञानपुर के रघुरामपुर निवासी अरुण कुमार ने भी पढ़ाई से पीछा छुड़ाने के लिए घर से भागने की बात बताई। वहीं मुगलसराय निवासी 12 वर्षीय इशाल कुमार ने बताया कि वह भटक कर इलाहाबाद पहुंच गया।