संगम में डुबकी लगाने के बाद आराध्य को किया नमन

ALLAHABAD: मालेगांव बम विस्फोट में आरोपित साध्वी प्रज्ञा ठाकुर शनिवार को केश दान कर संगम स्नान किया। वह बांबे हाईकोर्ट से पांच लाख रुपए मुचलके पर सशर्त जमानत मिलने के बाद पहली बार संगम में डुबकी लगाने पहुंची थीं। इस मौके पर उन्होंने पूजन अर्चन भी किया। इस दौरान उनके साथ चंद करीबी लोग ही मौजूद थे। वह खुद मीडिया के सवालों से बचती रहीं। अंत में उन्होंने कहा कि यह मेरी व्यक्तिगत धार्मिक यात्रा है और इसमें कुछ बोलेंगी नहीं।

दस साल पहले ली थी दीक्षा

साध्वी ने दस साल पहले प्रयाग में संन्यास की दीक्षा ली थी। इसके पहले शनिवार सुबह प्रयागराज एक्सप्रेस से इलाहाबाद पहुंची। कुछ देर के लिए झूंसी स्थित सदाफलदेव आश्रम में विश्राम करने गई। वहां से संगम तट पहुंची। शाम को नौचंदी एक्सप्रेस से लखनऊ के लिए रवाना हो गई। वहां उनका इलाज होना है। उनका स्वागत करने वालों में प्रज्ञा के आचार्य शांतनुजी महाराज, अमित आलोक पांडे, विनोद सोनकर, बबलू काला, विक्रम तिवारी, दिलीप तिवारी आदि शामिल रहे।