द्भड्डद्वह्यद्धद्गस्त्रश्चह्वह्म : राजकोट-संतरागाछी एसी एस्पेशल ट्रेन मंगलवार खराब पहिये पर 30 किमी तक दौड़ी। शाम को करीब 5.30 बजे टाटानगर स्टेशन पहुंचने पर बी-11 कोच में लगे पहिए की स्थिति देखने के बाद कोच काट कर ट्रेन से अलग कर दिया गया और उक्त कोच के यात्रियों को दूसरे कोच में बैठने की व्यवस्था करने के बाद ट्रेन को ट्रेन को रवाना किया गया। जिसको लेकर टाटानगर स्टेशन में यात्रियों ने हंगामा भी किया। करीब एक घंटा तक ट्रेन टाटानगर स्टेशन में खड़ी रही।

मशीन ने पकड़ी गड़बड़ी

राजकोट-संतरागाछी एसपी स्पेशल ट्रेन महालीमुरुम स्टेशन से जैसे ही गुजरी कोच संख्या बी-11 के पहिए से आने वाली आवाज व आई खराबी को महालीमुरुम स्टेशन में लगी मशीन ने पकड़ लिया और इसकी जानकारी महालीमुरुम स्टेशन के अधिकारियों को दी गई। तब तक ट्रेन अपनी रफ्तार से वहां से गुजर चुकी थी। ट्रेन की रफ्तार तेज होने के कारण अधिकारियों ने सबसे पहले ट्रेन के चालक को इसकी जानकारी दी और ट्रेन को धीरे धीरे टाटानगर स्टेशन ले जाने का निर्देश दिया। जिसके बाद ट्रेन की रफ्तार में कमी लाई गई। दूसरी ओर टाटानगर स्टेशन के अधिकारियों को मामले से अवगत करवाया गया। सूचना मिलते ही टाटानगर स्टेशन के अधिकारी ट्रेन के आने का इंतजार करने लगे।

बदलना पड़ गया कोच

जैसे ही ट्रेन टाटानगर स्टेशन पहुंची। पहले पहिए की जांच की गई। लेकिन जब मरम्मत नहीं हो पाई तो पूरे कोच को बदलने का निर्णय लिया गया। टाटानगर स्टेशन में दूसरा कोच नहीं होने के कारण कोच को ट्रेन से काट कर अलग कर दिया गया और इसमें सवार यात्रियों को दूसरे कोच में बैठने की व्यवस्था करवा दी गई। पहले तो यात्रियों ने दूसरे कोच में जाने से मना करते हुए हंगामा करने लगे। लेकिन जब अधिकारियों ने समझाया तो वे लोग समझ गए और दूसरे कोच में किसी तरह बैठने को तैयार हो गए।

महालीमुरूप में पकड़ी गई थी खराबी

खराब पहिए में ट्रेन कई किलोमीटर का सफर करते हुए महालीमुरुम स्टेशन पहुंची थी। जहां पहिए में आई खराबी पकड़ी गई और कोच को ट्रेन से काट कर अलग किया गया। इस तरह पहले भी कई ट्रेनों के पहिए में खराबी आ चुकी है और उन ट्रेनों की बोगियों को टाटानगर स्टेशन में बदला गया है।