व्हाइट हाउस में आम लोगों को जाने की अनुमति नहीं

अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार स्थानीय समयानुसार अपराह्न तीन बजकर छह मिनट की है। व्हाइट हाउस के निकट ई-स्ट्रीट में बंदूक लिए एक वयस्क पुरुष जांच चौकी पर पहुंचा। अमेरिकी सीक्रट सर्विस के आदेश के बावजूद व्हाइट हाउस के बाहर बंदूकधारी व्यक्ति ने रुकने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसे गोली मारी गयी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद सुरक्षा बलों ने अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास की एक घंटे से अधिक समय तक घेरेबंदी की। ज्ञात हो कि व्हाइट हाउस में आम लोगों को जाने की अनुमति नहीं है।

बंदूकधारी को दी गई कई बार चेतावनी

व्हाइट हाउस में ड्यूटी पर तैनात सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने बताया कि उसे आरोपी को रुकने और हथियार गिराने संबंधी चेतावनी कई बार दी। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस में ऑफिस ऑफ गवर्नमेंट एंड पब्लिक अफेयर्स के सहायक उप निदेशक डेविड ए लैकोवेट्टी ने कहा जब उसने मौखिक आदेश मानने से इनकार कर दिया तो सीक्रेट सर्विस के एक एजेंट ने मजबूरन उसे गोली मार कर हिरासत में लिया। उन्होंने कहा सीक्रेट सर्विस ने आरोपी के पास से हथियार बरामद कर लिया है।

व्हाइट हाउस की गई एहतियातन तत्काल घेरेबंदी

घटना के बाद व्हाइट हाउस की एहतियातन तत्काल घेरेबंदी कर दी गयी। व्हाइट हाउस के दरवाजों पर ताले लगा दिए गए और लाफायेते स्क्वैयर एवं परिसर के आस पास पूरा सुरक्षा लबादा पहने और स्वचालित हथियारों से लैस एजेंट तैनात किए गए। व्हाइट हाउस की छत पर स्नीफर्स को तैनात कर दिया गया। व्हाइट के पास सड़कों पे मौजूद लोगों को वहां से हटाया गया। घटना के समय कुछ लोगों को पेन्सिलवेनिया एवेन्यू में चिल्लाते देखा गया।

व्हाइट हाउस में मौजूद नहीं थे राष्ट्रपति बराक ओबामा

घटना के समय अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा परिसर में मौजूद नहीं थे। वह उस समय एंड्रयूज एयरफोर्स बेस में गोल्फ खेलने गए हुए थे। उस समय अमेरिका के उपराष्ट्रपति जो बाइडेन परिसर में थे और सीक्रेट सर्विस एजेंटों ने उनकी अतिरिक्त सुरक्षा के तत्काल प्रबंधन किए। आरोपी का वाहन सेवेंटीन्थ स्टरीट और कांस्टीट्यूशन एवेन्यू के निकट पार्क था। संघीय एजेंटों को तलाश के दौरान वाहन के निकट से एक अन्य हथियार मिला। संघीय जांच ब्यूरो और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने प्रारंभिक जांच के अनुसार बताया कि इस घटना का आतंकवाद से कोई ज्ञात संबंध नहीं है।

आरोपी का नहीं है आतंकवादियों से संबंध - सीक्रेट सर्विस

मेट्रोपोलिटन पुलिस विभाग, अमेरिकी सीक्रेट सर्विस, अमेरिकी पार्क पुलिस और संघीय जांच ब्यूरो समेत जांच में शामिल कई एजेंसियों ने एक संयुक्त बयान जारी करके कहा इस समय प्राप्त प्रारंभिक जांच के आधार पर पकड़े गए व्यक्ति का आतंकवादियों के साथ इसका कोई ज्ञात संबंध नहीं है। इस संबंध में कल देर रात जारी बयान में कहा गया इस घटना के पीछे के मकसद के बारे में जांच की जा रही है। सभी प्रकार के तार्किक साक्ष्यों का पता लगाने के लिए जांच जारी रहेगी। इस घटना में कानून प्रवर्तन कर्मी या निकट खड़ा कोई व्यक्ति हताहत नहीं हुआ।

व्हाइट हाउस की सुरक्षा में कई बार लग चुकी है सेंध

व्हाइट हाउस में हालिया वर्षों में सुरक्षा उल्लंघन संबंधी कई घटनाएं हुई हैं। सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने पिछले महीने ही एक व्यक्ति को हिरासत में लिया था जिसने व्हाइट हाउस की बाड पर एक पिट्ठू बैग कथित रूप से फेंका था और इसके बाद वह अवरोधक पर चढ़ गया था। इससे पहले ईराक युद्ध के दौरान सेना में सेवारत उमर गोंजालेज ने वर्ष 2014 में व्हाइट हाउस की बाड़ लांघ दी थी और वह इमारत की ओर भागा था। उसी वर्ष एक बच्चा बाड के द्वार से घुस आया था और उसे लॉन में रोका गया था।

International News inextlive from World News Desk