कुल रेंट संपत्तियां-3500करीब

सत्यापित हो रहीं संपत्तियां-1949

आधार से जुड़ेंगी संपत्तियां-3500

- अन्य संपत्तियों को पहले से ही आधार से जोड़ रहा है एलडीए

- वीसी की ओर से उठाया गया कदम, जल्द ही शुरू होगा काम

LUCKNOW एलडीए की ओर से अब अपनी अन्य संपत्तियों की तरह ही रेंट संपत्तियों को भी आधार से लिंक करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस कदम को उठाने से रेंट संपत्तियों में रहने वाले लोगों के बारे में सारी जानकारी हासिल हो जाएगी। हालांकि इस समय एलडीए की ओर से कैंप लगाकर रेंट संपत्तियों में रहने वाले लोगों के कागजातों की पड़ताल की जा रही है। सभी को 25 मार्च तक का समय दिया गया है। इसके बाद ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जो रेंट संपत्तियों से जुड़े कागजात नहीं दिखा पाएंगे।

करीब 3500 रेंट संपत्तियां

शहर के विभिन्न इलाकों में एलडीए की करीब 3500 रेंट संपत्तियां हैं। एलडीए की ओर से इनमें से 1949 संपत्तियों का सत्यापन कराया जा रहा है। इसके लिए 10 मार्च से कैंप भी लगाया गया है। यह कैंप 25 मार्च तक लगाया जाएगा।

हर संपत्ति पर नजर

एलडीए की ओर से इस समय रेंट संपत्तियों पर खास फोकस किया जा रहा है। जिससे रेवन्यू लॉस से बचा जा सके। इसके साथ ही ऐसे लोगों को भी सामने लाया जा सके, जो अवैध तरीके से संपत्तियों में रह रहे हैं। अगर ये लोग कागजात नहीं दिखा पाएंगे तो उन्हें संपत्तियों से बेदखल कर दिया जाएगा।

ये होगा फायदा

रेंट संपत्तियों के आधार से लिंक होने के बाद सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि एलडीए की ओर से आसानी से पता लगाया जा सकेगा कि रेंट संपत्तियों में कौन रह रहा है और कब से रह रहा है। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा सकेगा कि जो व्यक्ति रह रहा है, उसके पास रेंट संपत्तियों के कागजात हैं कि नहीं। अभी एलडीए को रेंट संपत्तियों का सत्यापन कराने में खासी समस्या का सामना करना पड़ता है।

लोगों के पास कागज नहीं

रेंट संपत्तियों को लेकर एलडीए की ओर से लगाए गए कैंप में कई ऐसे लोग भी आ रहे हैं, जिनके पास एक भी कागजात नहीं हैं। अधिकारियों की ओर से इन सभी को 25 मार्च तक का समय दिया गया है। अगर ये कागजात नहीं दिखा पाएंगे तो उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। इसके साथ ही कैंप में कई ऐसे लोग भी आ रहे हैं, जिन्होंने रजिस्ट्री आदि कराने के लिए एप्लीकेशन दी है।

25 के बाद स्थिति साफ

25 मार्च के बाद स्थिति पूरी तरह से साफ हो जाएगी कि रेंट संपत्तियों में कितने वैध और कितने अवैध लोग रह रहे हैं। इसके बाद एलडीए की ओर से इन सभी की लिस्ट तैयार कराकर कार्रवाई की जाएगी।

वर्जन

हमारी ओर से सभी संपत्तियों को आधार से लिंक कराने का कार्य शुरू कराया जाएगा। इन संपत्तियों में रेंट संपत्तियां भी शामिल हैं। इस कदम को उठाने से अवैध कब्जा करने वालों पर आसानी से कार्रवाई की जा सकेगी।

पीएन सिंह, वीसी, एलडीए