- सीसीएस यूनिवर्सिटी में स्वच्छ पर्यावरण विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

Meerut : सीसीएस यूनिवर्सिटी के बृहस्पति भवन में शनिवार को स्वच्छ पर्यावरण की समाज में भूमिका विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो। एनके तनेजा ने कहा कि कबीर एक वैज्ञानिक शोधार्थी थे उनका अद्वैत दर्शन आधारित विचार पर्यावरण संरक्षण में प्रेरक का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि प्रकृति की अवहेलना हानिकारक होती है। प्रकृति के प्रति हमारा व्यवहार ही भविष्य के दुखों का कारण बन रहा है।

पर्यावरण का महत्व बताया

संगोष्ठी में वरिष्ठ समाज सेवी आनंद प्रकाश अग्रवाल का समाज और राष्ट्र के प्रति किए गए कार्यो के लिए सम्मान किया गया। उन्होंने कहा मनुष्य का भाग्य स्वंय की मेहनत और ईश्वरीय कृपा पर निर्भर होता है। पारिवारिक वातावरण मानव के उत्तरदायित्वों के निर्वहन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वहीं एसके कुमार की पुस्तक 'पर्यावरण और हम' का विमोचन भी किया गया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है और इसके लिए विकसित देश ही जिम्मेदार है। हमें पर्यावरण को संरक्षित रखने के लिए प्रदूषण के खिलाफ युद्ध आरंभ करना होगा।

ऊर्जा के अधिक प्रयोग से खतरा

कहा कि कचरा उत्पादन में हम विश्व में तीसरे स्थान पर हैं, जबकि कचरा शोधन के केवल 5 संयत्र देश में हैं। इस अवसर पर मेरठ मंडल के आयुक्त आलोक सिन्हा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए दीर्घकालिक नीति की आवश्यकता है। बिजली आधारित उपकरणों का प्रयोग कम से कम करना चाहिए क्योंकि ऊर्जा का अधिक प्रयोग असंतुलन पैदा करता है। पूर्व मुख्य सचिव एवं कबीर शांति मिशन के मुख्य संयोजक राकेश मित्तल ने कहा कि सकारात्मक सोच हमें प्रकृति के प्रति जागरूक करती है। कार्यक्रम का संचालन पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की दीपिका वर्मा ने किया। इस अवसर पर प्रो। एसएन गुप्ता, डॉ। केसी गुप्ता, प्रो। एके चौबे व रमन त्यागी आदि मौजूद रहे।