फूड लाइसेंस पर हो रहा था संचालित, जांच के लिए भेजे गए सैंपल

ALLAHABAD@inext.co,in

ALLAHABAD: शहर के हुक्का पार्लरों की शामत आ गई है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से पार्लर संचालकों के होश उड़े हुए हैं। गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने सिविल लाइंस स्थित एक अवैध हुक्का पार्लर को सीज किया। संचालक पर फूड लाइसेंस की आड़ में हुक्का बार चलाने का आरोप है।

मिला हुक्के का पूरा सामान

गुरुवार को चीफ फूड इंस्पेक्टर सीएल यादव और सिविल लाइंस फूड इंस्पेक्टर राजेश यादव टीम के साथ पीवीआर के सामने स्थित डी सफायर रेस्टारेंट पहुंचे। यहां हुक्का और मसाला फ्लेवर दोनों मौके पर मिला। सामान मिलने पर पार्लर को सीज कर दिया गया और फ्लेवर का सैंपल जांच के लिए फूड लैब भेजा गया।

नियमों के विपरीत संचालन

फूड इंस्पेक्टर राजेश यादव ने बताया कि केवल फूड लाइसेंस के दम पर पार्लर चलाना नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि शहर के अन्य हुक्का पार्लरों के खिलाफ भी ऐसी शिकायत मिली है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

हुक्का बार के विरोध में किया प्रदर्शन

जनहित संघर्ष समिति उप्र की ओर से गुरुवार को मुट्ठीगंज छोटे चौराहे पर हुक्का बार और अवैध स्मैक बिक्री के विरोध में प्रदर्शन किया गया। उन्होंने हुक्का बार पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। इस मौके पर संगठन अध्यक्ष प्रमिल केसरवानी, सतीशचंद्र, दिनेश, सुशील जैन, गौरीशंकर, हर्ष, अभिलाष आदि मौजूद रहे।