- वार्ड 79 में आने वाले लाल कॉलोनी, हरी कॉलोनी व पीली कॉलोनी के बुरे हाल

- जलभराव व कूड़े के ढेर से इलाकाई लोग परेशान, बदबू से लोगों का जीना मुश्किल

kanpur@inext.co.in

KANPUR। वार्ड 79 में आने वाला कालोनियों का इलाका। ये ऐसा क्षेत्र है, जिसमें किसी भी गली में घुसने से पहले सोचना पड़ता है कि कहीं आगे जाकर कोई नाला न मिल जाए। हालत तो ये है कि एक पूरा तालाब नाले में तब्दील हो चुका है। इलाके में कई जगह नालियां गायब हैं। वहीं कई जगह नाले खुले हुए हैं। जिनकी बदबू से क्षेत्रवासियों का जीना मुश्किल हो गया है।

सर्विस रोड को बना दिया नाला

वार्ड 79 के अंदर आने वाली लाल कालोनी, पीली कालोनी व हरी कालोनी के हाल काफी खराब हैं। इन इलाकों में सरकार ने कालोनी बनाते वक्त पीछे सर्विस रोड निकाली थी। हर कालोनी के पीछे से ये रोड निकलती है। ताकि साफ-सफाई आदि के काम आसानी से हो सकें। मेन डोर के अलावा घर के पीछे स्थित इस रोड के कई उपयोग थे, लेकिन आज ये स्थिति है कि कालोनियों से सर्विस रोड तो बिल्कुल गायब ही हो गई है। सर्विस रोड को कूड़ा डंपिंग प्वाइंट बना दिया गया है। कई जगहों पर तो जाम नालों ने सर्विस रोड पर पानी भरकर उसे नाले में ही तब्दील कर दिया है। कभी भी इन सर्विस रोड्स पर कोई साफ-सफाई नहीं होती है।

गलियों में नालियां नहीं रोड गंदगी

इन इलाकों का हाल ये है कि गलियों में कई जगह नालियां ही नहीं हैं, ऐसे में समस्या ये आती है कि आखिर पानी निकले कैसे। इलाके के रहने वाले बदर अली ने बताया कि घरों के बाहर से निकलने वाली छोटी नालियां कई जगहों पर गायब हैं। वहीं गहरी नालियों में सफाई ही नहीं होती है, जिससे वे कूड़े से पटी पड़ी हैं। भीषण बदबू व मच्छरों के चलते इलाके में रहना मुश्किल हो गया है। हरी कालोनी में तो एक जगह रोड क्रास करती हुई नाली की स्लैब एक महीने से टूटी हुई है।

तालाब को भी बना दिया नाला

लाल कालोनी के पास स्थित एक तालाब को भी नाला बना दिया गया है। गुप्ता चौराहा से मनकामेश्वर मंदिर की तरफ जाने पर राम लाल का तालाब स्थित है। इस तालाब की हालत ये है कि इसमें पास की बस्ती का नाला गिरता है। जिससे ये पूरा तालाब ही नाले में बदल गया है। तालाब में पूरे इलाके का कूड़ा डाला जाता है। जिससे तालाब की शक्ल भी खत्म हो गई है।

पार्क में अवैध कब्जा

हरी कालोनी स्थित एक पार्क में अवैध कब्जा है। पार्क की हालत खराब है। पार्क के चारों ओर कोई बाउंड्री नहीं है। वहीं पार्क में आसपास के लोगों ने ट्रक खड़े कर रखे हैं। इलाकाई निवासी सुजीत ने बताया कि पार्क में कब्जे के चलते वहां टहल भी नहीं सकते हैं। पार्क में कूड़ा भी पड़ा रहता है।

बारिश में जलभराव आम समस्या

इलाके में बारिश के समय जलभराव की समस्या तो एक आम समस्या है। इलाके में सीवर लाइनें कई जगहों पर चोक हैं। जिसकी वजह से बारिश होने पर तुरंत जलभराव हो जाता है। पीली कालोनी स्थित मदरसे के पास भीषण जलभराव होता है। जिससे नमाज के समय नमाजियों को भी दिक्कत होती है।

पब्लिक ने खुद बना दिए स्पीड ब्रेकर

कालोनियों में एक और बड़ी समस्या है, कि यहां पर कई जगहों पर पब्लिक ने खुद ही स्पीड ब्रेकर बना दिए हैं। जिसके चलते अक्सर टू व्हीलर्स सवार लोग गिरकर चुटहिल होते हैं। दरअसल ये स्पीड ब्रेकर पानी की लाइन के सप्लाई के लिए बने हैं। जहां कहीं भी लाइट नहीं होती है। वहां अक्सर टू व्हीलर्स सवार लोगों के गिरकर चुटहिल होने की घटनाएं होती रहती हैं।

टूटी-फूटी रोड्स और खराब हैण्डपंप

कालोनी में कई जगहों पर टूटी-फूटी रोड्स यहां की पहचान बन चुकी है। वार्ड 7 व वार्ड 79 के बीच में लाल कालोनी में पड़ने वाली एक ऐसी ही रोड है। जो पिछले कई सालों से नहीं बनी है। कालोनी के अंदर भी कई रोड्स टूटी हुई हैं। जूही डिपो के सामने कूड़े का अंबार लगा हुआ है। वहीं इलाके में कई हैंडपंप खराब हैं। इलाकाई निवासी दानिश खान ने बताया कि इलाके में आधे से ज्यादा हैंडपंप खराब हैं। सबमर्सिबल से कई घरों में पानी जाता है, सप्लाई का पानी अनियमित रहता है। जिससे दिक्कत होती है।

विकास कार्यों का इलाके में अभाव है। गंदगी, जल भराव, सीवर लाइनें चोक आदि समस्याएं ऐसी हैं, जिनसे लोग परेशान हैं।

- संजीव मिश्रा

इलाके में गंदगी एक बड़ी समस्या है। पार्को में अवैध कब्जे हैं, जिनसे लोग परेशान रहते हैं। कई बार शिकायत की लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।

- सईद अरशी

इलाके में गंदगी एक आम समस्या है। घर के बाहर पार्क है, वो भी दुर्दशा का शिकार है। किसी ने कभी भी ध्यान नहीं दिया।

- जुहैब अहमद

जल भराव एक बड़ी समस्या है। रोड क्रास करती हुई नाली पिछले एक माह से खुली पड़ी है। खुद प्रयास करो तभी कुछ हो पाता है।

- सलमान खान

सर्विस लेन को गायब सी हो गई हैं। कूड़ा व नालियों के पानी ने सर्विस लेन को पाट दिया है। जिससे बड़ी मुसीबत होती है।

- मो। दानिश खान

जलभराव इलाके में एक बड़ी समस्या है। कई जगहों पर नालियां नहीं हैं सीवर लाइनें चोक होने से अक्सर जलभराव हो जाता है।

- अब्दुल रऊफ

जलभराव के चलते निकलने में भी दिक्कत होती है। कई जगहों पर रोड बनी नहीं है। कई बार शिकायत की गई लेकिन कुछ नहीं हुआ।

- अशरफ रजा

नालियों में भरे कूड़े के चलते बदबू रहती है। मच्छर भी खूब रहते हैं, जिसके चलते बीमारियां फैलती हैं। समस्याओं का अंबार है लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।

- इजाजुद्दीन

पानी की भी समस्या होती है। जब कभी बिजली नहीं आती है। मच्छरों ने रात की नींद भी खराब कर रखी है। गंदगी से जीना मुहाल है।

- पंकज शर्मा

-------------------

कोई सुनने वाला नहीं है

क्षेत्रीय पार्षद संदीप जायसवाल ने इलाके की समस्याओं पर बताया कि सबसे बड़ी समस्या तो सर्विस लाइनों की है। सुअरों का आतंक है। नगर-निगम व जल संस्थान में कई बार गुहार लगाई है, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। इलाके में 300 हैण्डपंप हैं, लेकिन आधे से ज्यादा खराब पड़े हैं।