JAMSHEDPUR: जमशेदपुर पुलिस पर बदनामी का काला धब्बा लगा। जैप छह के सिपाही अरविंद सिंह ने शादी का झांसा देकर एक आदिवासी युवती को गर्भवती बनाया। जब युवती ने उससे शादी करने का दबाव बनाया तो वह टाल-मटोल करने लगा। यह आरोप है जैप छह कैंपस में रहनेवाली एक युवती का। इतना ही नहीं, युवती के हवलदार जीजा ने इसकी शिकायत जैप छह की कमांडेंट से की तो उन्होंने पूरे परिवार को जैप छह परिसर से बाहर निकाल दिया। जैप छह में रहने वाली युवती ने सिपाही अरविंद सिंह के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन शोषण की प्राथमिकी सिदगोड़ा थाने में दर्ज कराई है।

लोहरदगा की है पीडि़ता

प्राथमिकी के अनुसार लोहरदगा की रहने वाली पीडि़ता डेढ़ वर्ष पहले वह अपने जीजा के पास जैप छह में रहने के लिए आ गई। यहां एक पेट्रोल पंप काम करती थी। इस दौरान हवलदार के घर उसके पड़ोस में रहने वाले आरोपी अरविंद सिंह का आना-जाना था। अरविंद सिंह ने पीडि़ता को अपने प्रेम के झांसे में ले लिया और शादी करने का आश्वासन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने लगा। जब पीडि़ता पांच माह की गर्भवती हो गई तो सिपाही ने उससे पीछा छुड़ाना शुरू किया। इसके बाद पीडि़ता ने सिपाही पर शादी का दबाव बनाया तो उसने शादी करने से इन्कार कर दिया।

शादीशुदा है आरोपी

मामले की जानकारी होने पर पीडि़ता के जीजा ने अरविंद सिंह के बारे में जानकारी ली, तो पता चला कि वह दो बच्चों का पिता है। जब अरविंद से पीडि़ता के जीजा ने बात की तो वह अपनी नौकरी की दुहाई देने लगा और कहने लगा कि किसी से शिकायत मत करो। उसकी नौकरी चली जाएगी। उसने रुपए का लालच देकर मामले को दबाने की कोशिश की। पीडि़ता के जीजा ने इसकी शिकायत जैप छह की कमांडेट से कर दी। इस पर कमांडेंट ने अरविंद से कुछ कहने की बजाय पीडि़ता के जीजा को कैंपस खाली करने को कह दिया।

न्याय के लिए भटक रही पीडि़ता

एसपी आफिस, महिला थाना, सिदगोड़ा थाना, मुख्यमंत्री आवास तक पीडि़ता अपनी दीदी को लेकर न्याय के लिए गई। महिला थाना प्रभारी ने पहले तो शिकायत लेने से मना कर दिया, फिर अरविंद को बुलाकर थाने में बात की। लेकिन अरविंद किसी भी कीमत पर पीडि़ता को अपने साथ रखने को तैयार नहीं है।

हवलदार का वेतन रुकवाया

पीडि़ता की बहन ने बताया कि उसका पति साहेबगंज में हवलदार के पद पर कार्यरत है। लेकिन पहले जैप छह में ही रहता था और यहीं पदस्थापित था। जब कमांडेट से सिपाही की करतूतों के बारे में बताया गया तो कमांडेट ने उनलोगों पर ही गंदे आरोप लगाकर उनके परिवार को जैप छह के कैमस से बाहर कर दिया। इतना ही नहीं उनके पति के दो माह से वेतन भी रुकवा दिया है। वे लोग बागुनहातु में एक किराए के मकान में रह रहे हैं।

पीडि़ता के जीजा (हवलदार) की पोस्टिंग दो वर्ष पहले साहेबगंज में हो चुकी है। पोस्टिंग के बावजूद वे जैप छह परिसर स्थित मकान पर कब्जा जमाए हुए था। अरविंद सिंह जैप छह का सिपाही है। सिदगोड़ा थाना में अरविंद के खिलाफ प्राथमिकी हो गई है। पुलिस जांच कर रही है। डीएनए टेस्ट करवाया जायेगा जिससे सच्चाई सामने आ जाएगी।

-संगीता कुमारी, कमांडेंट, जैप छह