ट्विटर पर मिला न्यौता
शाहरुख खान पर भाजपा नेताओं के हमले के बाद मुंबई हमलों के गुनहगार हाफिज सईद ने शाहरुख खान को पाकिस्तान आने का न्योता दे दिया है। हाफिज ने ट्विटर पर लिखा कि भारत में अपने धर्म की वजह से परेशानी झेल रहे मुसलमान पाकिस्तान आ सकते हैं।


भड़की साध्वी प्राची ने कहा पाकिस्तानी एजेंट
शाहरुख के उस बयान के विरोध में, जिसमें उन्होंने देश में चरम असहिष्णुता की बात कही थी। साध्वी प्राची ने कहा कि शाहरुख पाक एजेंट हैं। वह अकसर उनकी (पाकिस्तान) विचारधारा दर्शाते हैं। उन्हें पाकिस्तान चले जाना चाहिए। साध्वी ने कहा, शाहरूख कहते हैं, देश में अशांति है। पाकिस्तान में उन्हे मुंह धोने को पानी भी नहीं मिलेगा। मुजफ्फरनगर अदालत परिसर में भाजपा के धरने पर पहुंची साध्वी ने ये बातें शाहरुख के बयान से जुड़े सवाल पर कहीं।

विजयवर्गीय ने भी जाहिर की नाराजगी
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भी शाहरुख के बयान को देशद्रोह बताया है। मंगलवार को उन्होंने ट्वीट कर कहा कि शाहरुख शरीर से हिंदुस्तान में रहते हैं पर उनका मन हमेशा पाकिस्तान में रहता है। उनकी फिल्मों ने भारत में करोड़ों कमाये लेकिन भारत उन्हें असहिष्णु नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि यह देशद्रोह नहीं तो और क्या है। भारत संयुक्त राष्ट्र संघ का स्थाई सदस्य बनने जा रहा है। पाकिस्तान समेत तमाम भारत विरोधी ताकतें इसके विरोध में षड्यंत्र रच रही हैं। देश में असहिष्णुता का वातावरण खड़ा करना उसी षड्यंत्र का हिस्सा है। अगले ट्वीट में उन्होंने फिर लिखा कि शाहरुख खान ने असहिष्णुता का राग अलापकर पाकिस्तान और भारत विरोधी ताकतों के सुर में सुर मिलाया है। उन्होंने कहा कि जब 1993 में मुंबई में सैकड़ों लोग मारे गए, तब वह कहां थे।


गौरतलब है कि शाहरूख ने अपने 50वें जन्मदिन पर शनिवार को देश में चरम असहिष्णुता की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि रचनात्मकता और धर्म के प्रति असहिष्णुता देश को आहत करेगी।

inextlive from India News Desk

 

 

 

National News inextlive from India News Desk