शहीदे आजम भगत सिंह, सुखदेव एवं राजगुरू के त्याग और बलिदान को शहरवासियों ने किया नमन

ALLAHABAD: देश की आन, बान और शान के लिए प्राणों की आहुति देने वाले सरदार भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव का भावपूर्ण स्मरण शहरवासियों ने किया। अलग-अलग संगठनों ने गुरुवार को उनके शहादत दिवस पर शहर में विविध कार्यक्रम किए। अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद और शहीद-ए-आजम भगत सिंह स्मारक समिति ने चन्द्रशेखर आजाद पार्क में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। इसमें सशस्त्र पुलिस बल के जवानों ने राष्ट्रभक्ति की धुन बजाकर 21 गनशाट फायर कर सम्मान गारद द्वारा सलामी दी। मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति गिरिधर मालवीय एवं पूर्व मंत्री डॉ। नरेंद्र सिंह गौर मौजूद रहे।

नीम के पेड़ के पास जुटे लोग

नौजवान भारत सभा के भीमलाल के नेतृत्व में जीजीएम कालेज गौहनिया में एकत्र होकर लोगों ने पूंजीवाद के खिलाफ आवाज बुलंद की। अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस कार्यालय में रामफेर तिवारी की अध्यक्षता में वक्ताओं ने शहीदों के त्याग को नमन किया। जय जवान जय किसान मंच के पदाधिकारियों ने आजाद पार्क में श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रीराम सेना संगठन के कार्यकर्ताओं ने शहीदों को भावपूर्ण तरीके से नमन किया। राष्ट्रीय युवा क्रांतिकारी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अतुल खन्ना के नेतृत्व में शहीदों के सपनों का भारत बनाने का संकल्प लिया गया। हितार्थ फाउंडेशन के अध्यक्ष गौरव पांडेय के नेतृत्व में कीडगंज मलिन बस्ती में शहीदों की शहादत को नमन किया गया। विश्व हिन्दू महासंघ के जिलाध्यक्ष पप्पन जी की अगुवाई में चौक स्थित नीम के पेड़ के नीचे जुटे लोगों ने शहादत को याद किया।

शहीदों हम शर्मिदा हैं

जल संस्थान कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों ने गऊघाट जोन-2 परिसर में श्रद्धांजलि दी। मानव एकता संघ अध्यक्ष इरशाद अंसारी एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े छात्रों ने शहीदों के विचारों को आत्मसात किया। जय हिंद फाउंडेशन ने आजाद पार्क में मशाल जलाकर शहादत को नमन किया। वहां मौजूद लोगों ने 'तुम्हे भुलाकर जिंदा हैं, शहीदों हम शर्मिदा हैं का उद्घोष किया। ये मुहिम है इंकलाब की संस्था की विचार गोष्ठी में शहीदों के संघर्ष, त्याग व कुर्बानी को याद किया गया। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने गुरूवार को जिलाधिकारी संजय कुमार से मिलकर केपीयूसी छात्रावास के सामने भगत सिंह की प्रतिमा लगाने के लिये ज्ञापन सौंपा।