JAMSHEDPUR: भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा दो दिन पहले जब जमशेदपुर आए तो बदहाल एनएच-फ्फ् से आने के अपने अनुभव को उन्होंने 'जॉगिंग' करने जैसा बताया था। गुरुवार को सिन्हा शहर से वापस लौट गए। इस इत्मीनान के साथ कि वापसी का सफर 'जॉगिंग' करने जैसा नहीं होगा। उनके इत्मीनान के लिए झारखंड सरकार ने 'उड़न खटोले' का खास इंतजाम जो कर दिया था। झारखंड सरकार की कल्याण मंत्री लुइस मरांडी बाकायदा उन्हें हेलीकॉप्टर से ले जाने को गुरुवार दोपहर करीब क्.फ्0 बजे जमशेदपुर (सोनारी) एयरपोर्ट पहुंचीं। एयरपोर्ट पर ही लुइस मरांडी ने भाजपा के पटना साहिब से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा का अभिनंदन किया और वहीं से वह हेलीकॉप्टर से अभिनेता को साथ लेकर रांची के लिए उड़ गईं। शत्रुघ्न सिन्हा अपने जीवन पर आधारित पुस्तक 'एनीथिंग बट खामोश' का लोकार्पण करने जमशेदपुर पहुंचे थे। कई मामलों में भाजपा की लाइन से अलग हटकर असहमति जताने के लिए पहचाने जाने वाले शत्रुघ्न ने पिछले दिनों शहर पहुंचते ही एनएच-फ्फ् की बदहाली पर चुटकी ली थी और कहा था कि हाइवे से आना 'जॉगिंग' करने जैसा था। बहरहाल गुरुवार को सोनारी एयरपोर्ट पर सिन्हा के रांची रवाना होने से पूर्व भाजपा के महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार, कुलवंत सिंह बंटी, एके श्रीवास्तव, मोहम्मद फैयाज, अमरजीत सिंह राजा व कपिल कुमार ने उन्हें गुलदस्ता भेंटकर शुभकामनाएं दीं।