सीआइएससीई (द काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस) ने सोमवार को 10वीं (आइसीएसई) और 12वीं (आइएससी) का रिजल्ट जारी किया। बाबानगरी देवघर के शिवम कृष्ण 98.80 फीसद अंक हासिल कर आइसीएसई के स्टेट टॉपर बने हैं। शिवम संत फ्रांसिस स्कूल के छात्र हैं। लोयोला जमशेदपुर की प्रतीक्षा मिश्रा दूसरे पायदान पर रहीं। प्रतीक्षा को 98.60 फीसद अंक मिले। वहीं जमशेदपुर की ही श्रुति सोनल, सर्वेश चंद्रा, गौरांगी चोपड़ा और आद्रिजा राय को संयुक्त रूप से राज्य में तीसरा स्थान हासिल हुआ है। इन्हें 98.40 फीसद अंक मिले हैं। लड़कों ने दसवीं और बारहवीं साइंस के पद पर कब्जा जमाया तो लड़कियों ने आटर््स व कामर्स का शीर्ष पद कब्जा लिया। आइएससी 12वीं में कारमेल जूनियर कॉलेज जमशेदपुर के माधव कावंटिया और संत जेवियर्स स्कूल, बोकारो के सुदीप सरलेख ने 98 फीसद अंक हासिल कर स्टेट टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। जमशेदपुर के अभिषेक व तान्या और धनबाद से प्रीत संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर रहे। इन्हें 97.75 फीसद अंक मिले हैं। रांची से अभिषेक व आकांक्षा 97.20 फीसद के साथ संयुक्त रूप से बारहवीं के साइंस के थर्ड टॉपर बने। आ‌र्ट्स में धनबाद के कार्मल स्कूल की अदरिजा को 97.75 फीसद अंक मिले हैं। वह स्टेट टॉपर हैं। लोयोला जमशेदपुर की उत्कर्षा सहाय 97.50 फीसद के साथ राज्य में कामर्स की टॉपर बनी हैं।