- विजयादशमी पर निकली विजय शोभा यात्रा

GORAKHPUR: विजयादशमी के दिन गोरक्षनाथ मंदिर में भक्तों व संतों की ओर से तिलकोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आए भक्तों ने गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ का तिलक किया। इससे पहले दोपहर 12.30 बजे से 3 बजे तक शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा में रथ पर सवार गोरक्षपीठाधीश्वर महंत आदित्यनाथ के पीछे संत, योगी, भक्त व श्रद्धालु चल रहे थे। विजय शोभा-यात्रा गोरक्षनाथ मंदिर से निकलकर मानसरोवर मंदिर पहुंची। जहां पर योगी आदित्यनाथ द्वारा भगवान शंकर की पूजा अर्चना की गई। इस अवसर पर मंदिर में देवी-देवताओं और गोशालाओं में गायों का पूजन किया गया।

श्रीराम का किया राजतिलक

मानसरोवर से निकलने के बाद शोभा यात्रा रामलीला मैदान पहुंची, जहां सबसे पहले गोरक्षपीठाधीश्वर ने श्रीराम का राजतिलक किया। उसके बाद उन्होंने वहीं उपस्थित जन समूह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विजयादशमी अधर्म, अन्याय पर धर्म, सत्य और न्याय के विजय का पर्व है। भगवान श्रीराम का व्यक्तित्व सनातन हिन्दू धर्म का प्रतीक है जो सदैव हमें इन बुराइयों से लड़ने की प्रेरणा देता रहा है।