अतरसुइया के बच्चा जी का हाता का मामला, फैमिली ने लगाया मर्डर का आरोप

आशंका है कि जुआ के दौरान मारपीट कर धकेला गया या पुलिस के नाम पर भागने में हुआ हादसा

ALLAHABAD: अतरसुइया पुलिस स्टेशन एरिया के बच्चा जी का हाता में रविवार रात सुनील कुमार गुप्ता उर्फ पप्पू (42) की डेड बॉडी मिली। उसके सिर पर चोट के गंभीर निशान थे और पास ही सेलफोन टूटा मिला। फैमिली का आरोप है कि उसको घर से फोन करके बुलाया गया था और छत से धकेल कर मार दिया गया। उधर पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि हाता में रात में जुआ खेला जा रहा था और उसी दौरान पुलिस के रेड का हल्ला मच गया। लोग दो मंजिला छत से कूदे। आशंका है कि भागने में ही सुनील गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई। दो अन्य के भी घायल होने की सूचना है। फिलहाल सुनील के भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मर्डर की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

शादी नहीं की थी सुनील ने

पप्पू शाहगंज पुलिस स्टेशन एरिया के नखासकोना का रहने वाला था। उसकी घर के ही नीचे चाय समोसे की दुकान थी। तीन भाइयों व सात बहनों में सबसे बड़े सुनील ने शादी नहीं की थी। उसके छोटे भाई राजन गुप्ता का कहना है कि रविवार रात 11.10 बजे त्रिभुवन यादव ने उसके भाई को फोन करके रानी मंडी बुलाया था। त्रिभुवन बच्चा जी का हाता का ही रहने वाला बताया जा रहा है। रात में एक बजे के आसपास टाटा नाम के युवक का उसके पास फोन आया। टाटा ने बताया कि उसका भाई बच्चा जी का हाता में खून से लथपथ पड़ा है। वह अपने घर वालों के साथ स्पॉट पर पहुंचा तो पप्पू मुंह के बल पड़ा हुआ था। उसके सिर पर गहरी चोट थी और खून बह रहा था। उसको एक हॉस्पिटल में पहुंचाया गया जहां पर मृत घोषित कर दिया गया। भाई ने आशंका जताई है कि उसको किसी अज्ञात व्यक्ति ने धक्का देकर मार दिया।

जुआ का खेल होता है

आशंका इस बात की है कि बच्चा की हाता में दो मंजिला मकान की छत पर रात में जुआ चल रहा था। हो सकता है कि हार जीत को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ हो और पप्पू को मारपीट कर छत से धकेल दिया गया हो। इस बात की भी संभावना से इंकार नहीं किया जा रहा है कि पुलिस की रेड के चक्कर में भगदड़ में वह छत से गिरा हो। जिस जगह पप्पू पड़ा मिला था, पास ही उसका सेलफोन भी पड़ा था। जेब में ज्यादा रुपए नहीं थे। यह भी पता चला है कि त्रिभुवन समेत दो लोग जख्मी भी हुए हैं। घायल कहां हैं, पुलिस को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। रात में ही बॉडी को पोस्टमार्टम हाउस भेजवा दिया गया। पुलिस ने दिन में पंचनामा भरा। पप्पू के पिता केदारनाथ व मां कल्याणी का काफी पहले देहांत हो गया था। फैमिली की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। दो भाई संजय उर्फ बबलू व राजन उर्फ बच्चा भी दुकान में उसका साथ देते थे। बहनों की शादी हो चुकी है।

बाक्स

पहले भी हो चुके हैं भागने में चोटिल

बच्चा की हाता जुए के अड्डे के नाम से जाना जाता है। आए दिन यहां रेड पड़ती है और जीत-हार पर मारपीट भी होती रहती है। पहले भी यहां पर रेड पर भगदड़ मचने में कई लोग हाथ पांव तोड़वा चुके हैं। झगड़े या भागने में मौत का यह पहला मामला आया है। पुलिस ने त्रिभुवन की फैमिली के लोगों को पूछताछ के लिए उठाया है।

रात में मौत की सूचना मिली थी। घर वालों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मर्डर की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

डीपी तिवारी,

सीओ थर्ड