श्री ब्रज रस रसिक भजन मंडल व राधा कृष्ण मंदिर में विधि विधान से हुई गोवर्धन पूजा

ALLAHABAD: दीप पर्व के चौथे दिन गुरुवार को गोवर्धन पूजा की रौनक दिखाई दी। जहां सामूहिक रूप से घरों में गोवर्धन पर्वत बनाकर और व्यंजनों का भोग लगाकर प्रभु श्रीकृष्ण की अराधना की गई। वहीं श्री ब्रज रस रसिक भजन मंडल की ओर से लूकरगंज स्थित श्यामा सदन में श्री गोवर्धन पूजा महोत्सव का 38वां आयोजन धूमधाम से किया गया। श्यामा सदन में गाय के गोबर से निर्मित श्री गोवर्धन जी की प्रतिमा का पूजन बाल गोपाल बने राधा, कृष्ण व बलराम ने किया।

मनमोहक लीलाओं की प्रस्तुति

सांस्कृतिक आयोजन के क्रम में कृष्णा निगम ने कृष्ण, छवि निगम ने राधा व नक्षत्र द्विवेदी ने बलराम की भूमिका में मनमोहक लीलाओं की प्रस्तुति से समां बांध दिया। निम्बार्क आश्रम के महंत राधा माधव दास ने गोवर्धन पूजा के महत्व पर प्रकाश डाला और बाल कलाकारों को पुरस्कृत भी किया। वही मुंशी राम प्रसाद की बगिया स्थित राधा कृष्ण मंदिर में विधि विधान से गोवर्धन पूजा की गई।

प्रभु श्री कृष्ण को लगाया भोग

संयोजक कायस्थ पाठशाला के पूर्व महामंत्री कुमार नारायण की अगुवाई में व्यंजनों का भोग प्रभु श्रीकृष्ण को लगाया गया। उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर सांसद कुंवर रेवती रमण सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता टीपी सिंह, निशीथ वर्मा, पप्पू लाल निषाद, कृपा शंकर श्रीवास्तव, सुमित श्रीवास्तव, दुर्गा प्रसाद गुप्ता आदि मौजूद रहे।