-श्याम की मां ने किया खुलासा, बेटे की जमानत के लिए बेच देती मकान

-पुलिस ने श्याम के दोस्त सनी के भाई को हिरासत में लिया, सनी हुआ फरार

BAREILLY: श्याम की हत्या की प्लानिंग तो कई दिन पहले ही हो गई थी। शेरू की बहन ने दो दिन पहले ही श्याम के घर जाकर उसकी मां कहा था कि, दो दिन के अंदर तुम्हारे बेटे का मर्डर हो जाएगा। वहीं श्याम के मर्डर में उसके दोस्त सनी का अहम रोल सामने आ रहा है। वारदात के बाद से वह फरार है। पुलिस ने उसके भाई को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। पुलिस रोहित से भी लगातार पूछताछ कर रही है।

देर रात गोली मारकर की हत्या

वेडनसडे देर रात सुभाषनगर के महेशपुरा फाटक के पास सिद्धार्थ नगर निवासी श्याम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्यारोपियों ने चाकू से वार कर उसकी आंख भी फोड़ दी थी। पुलिस ने श्याम को साथ लेकर जा रहे उसके दोस्त के भांजे रोहित की तहरीर पर सुभाषनगर के गोल्डी व एक अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था।

धमकी से डर गई थी मां

थर्सडे श्याम की मां माया देवी ने बताया कि शेरू की हत्या के बाद से उसके बेटे का जीना मुश्किल हो गया था। पुलिस कई बार घर पर उसे पकड़ने के लिए भी आई थी। पुलिस ने श्याम के पिता को भी पकड़कर ले जाने की चेतावनी दी थी। जिससे वह काफी घबराए हुए थे।

परिवार की सता रही चिंता

रेनू की धमकी से वह काफी घबरा गई थीं। उन्होंने श्याम को कोर्ट में सरेंडर करने के लिए कहा था। ताकि उसकी जान बच जाए। उन्होंने श्याम से यह भी कहा था कि वह अपना मकान 60 हजार रुपए में बेचकर उसकी जमानत भी करा लेंगी। इसी के चलते श्याम सरेंडर की फिराक में लग गया था।

पुलिस को सनी पर शक

पुलिस का शक विमल के बहनोई सनी पर है। क्योंकि सनी वारदात के बाद से फरार चल रहा है। पुलिस ने सनी को थाने में बुलाया था, लेकिन वह नहीं आया। पुलिस ने थाना में रोहित से मिलने पहुंचे सनी के भाई डम्पी को हिरासत में ले लिया है। उसने बताया कि वेडनसडे को वह अपने घर गया था। उसने श्याम को करीब साढ़े 6 बजे 13 नंबर लाइन पर गौतम के साथ देखा था। उसने रात में अपने घर में शराब पी थी। इस दौरान सनी, श्याम, गौतम, विकास, रोहित व एक अन्य थे।

गौतम ने फोन कर बताया

डम्पी ने बताया कि ज्यादा नशा होने पर रोहित उसे श्याम की बाइक से घर छोड़ने गया था। इसके बाद रोहित श्याम को साथ लेकर गांव जा रहा था। उसने यह भी बताया कि रात में गौतम ने ही उसे फोन करके कहा था कि श्याम को गोली मार दी गई है, जबकि उसने बताया कि वह गौतम को नहीं जानता है। लेकिन उसने कहा कि गौतम ने रात में ही उसका नंबर लिया था। ऐसे में एक ही दिन में नंबर लेना और फिर गोली मारने की सूचना देना उस पर भी शक पैदा कर रहा है। इससे साफ है कि इसमें कहीं न कहीं सनी का रोल है।

अवैध आटो स्टैंड है वजह

शेरू के बाद अब श्याम का मर्डर सीधे-सीधे अवैध आटो स्टैंड की ओर इशारा कर रहा है। यह स्टैंड पहले शेरू के अंडर में चल रहा था। बाद में इस पर अनुज मिश्रा कब्जा करना चाहता था।