पिछले दिनों प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा ने किया था निरीक्षण

आगरा। दो वर्षो का इंतजार आज समाप्त होने जा रहा है। गांधी जयंती से आप सिकंदरा-बोदला आरओबी पर सुहाना सफर कर सकेंगे। आपको बता दें कि पिछले दिनों प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा संजीव मित्तल ने निरीक्षण कर आरओबी को जल्द से जल्द चालू करने का निर्देश दिया था।

मिलेगा जाम से छुटकारा

मित्तल के निरीक्षण के बाद सेतु निगम के अधिकारियों ने पुल को जल्द ही शुरू करने का आश्वासन दिया था। अब इस आरओबी के शुरू हो जाने पर लोगों को जाम से छुटकारा मिल सकेगा।

आरओबी पर एक नजर

सिकंदरा-बोदला आरओबी का प्रपोजल 2010 में तैयार किया गया था। इसको उत्तर प्रदेश सेतु निगम और रेलवे दोनों को मिलकर बनाना था। इसकी शुरुआती लागत 36 करोड़ 40 लाख निर्धारित की गई थी। इसमें सेतु निगम को 17 करोड़ और रेलवे को 19 करोड़ की धनराशि देनी थी। इसे 10 मई 2012 तक पूरा करना था। इसके बाद अगस्त 2013 तक इसके निर्माण की सीमा को बढ़ाया गया। कार्य पूरा न होने पर 31 मई 2014 तक आगे बढ़ाया गया। इन तीन वर्षो में इसकी लागत 39 करोड़ 40 लाख हो गई। अजय सिंह, प्रोजेक्ट डायरेक्टर सेतु निगम आगरा ने कहा कि आज से सिकंदरा-बोदला आरओबी को खोल दिया जाएगा। इसमें रेलवे का कुछ कार्य शेष रह गया था। इसे पूरा कर लिया गया है।