RANCHI: नागपुरी गीत गाने वालों की रांची और आसपास के इलाकों में वैसे तो कोई कमी नहीं, लेकिन इन दिनों लोगों की जुबान पर नन्ही परी संतोषी का नाम ही है। संतोषी महज नौ साल की है और करगे (बेड़ो) के एक सरकारी स्कूल में क्लास सिक्स में पढ़ती है। स्कूल से घर जाते ही उसे बैलों के लिए घास काटना पड़ता है। उसके गाये गानों ने रांची समेत पूरे छोटानागपुर क्षेत्र में धूम मचा दी है। भारी संख्या में लोग सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉ‌र्म्स में उसके गाने को शेयर कर रहे हैं। आलम यह है कि झॉलीवुड से जुड़े कुछ कलाकारों ने उसके गीत पर वीडियो अलबम शूट कर लिया है। क्भ् अगस्त को संतोषी के गाने का अलबम 'माय कर ममता' यू-ट्यूब पर रिलीज होगा।

गांव का सबसे गरीब परिवार है संतोषी का

संतोषी करगे (बेड़ो) निवासी धंधुर लोहरा और सुहाई देवी की पांचवीं संतान है। उससे बड़ी चार और छोटी दो बहनें हैं। यह गांव का सबसे निर्धन परिवार है। प्रकृति ने संतोषी को सुरीली आवाज तो दी ही है, साथ ही साथ गाने की अच्छी समझ और शब्दों का उच्चारण भी बेहद उम्दा है। संतोषी बताती है कि उसे न तो खेलने का वक्त मिलता है और न ही दूसरे बच्चों की तरह किसी अन्य तरह की एक्टिविटी में भाग लेना का मौका। दिन भर कड़ी मेहनत करने के बावजूद रात में वह होमवर्क करती है और सोते वक्त नागपुरी गाने गुनगुनाती है।

स्कूल टीचर के एक पोस्ट से हुई फेमस

संतोषी ने अपने स्कूल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गीत प्रस्तुत किया था। इसे उसके टीचर बजरंग ने अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया और फेसबुक, व्हाट्सअप और यू-ट्यूब पर अपलोड कर दिया। चंद घंटों में ही हजारों की संख्या में लोगों ने उसके वीडियो को देखा और शेयर किया। देखते ही देखते वीडियो देखने और शेयर करनेवालों की संख्या एक लाख पार कर गई।

कलाकारों ने ढूंढ निकाला, बनाया अलबम

संतोषी की आवाज सोशल मीडिया के माध्यम से झॉलीवुड के कलाकारों तक पहुंची, तो उन्होंने करगे पहुंच कर उसका पता लगाया। गायक और निर्देशक रविकांत भगत, मो इमराम, एक्टर उमेश कुमार उमी संतोषी के स्कूल गए और उसे रांची के कांटाटोली स्थित रिकॉर्डिग स्टूडियो ले आए। संतोषी के लिए रविकांत ने एक मधुर गीत लिखा। संतोषी ने 'कितना महान हमर माय' गीत को बेहतरीन तरीके से गाया, जिसके बाद इसे संतोषी के ही स्कूल में तीन दिनों के भीतर फिल्माया गया। यही अलबम क्भ् अगस्त को रिलीज किया जाएगा। आज स्थिति यह है कि रेडियो चैनल्स भी संतोषी को अपने यहां बुलाकर विशेष कार्यक्रम ऑन एयर कर रहे हैं।