- चार साल पहले मुस्लिम महिला ने की थी दलित परिवार में शादी

- शादी के बाद से अपने पति के साथ मेरठ में रहती थी महिला

- गंभीर हालत में महिला को हास्पिटल में भर्ती कराया

Meerut: मंगलवार को सिवाया में दो भाईयों ने ससुराल में घुसकर बहन को गोली मार दी, इसके बाद दोनो भाई अपने साथियों के साथ मिलकर मौके से फरार हो गए। आनन-फानन में महिला को उपचार के लिए आनन्द हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। दौराला पुलिस ने दोनो भाईयों के खिलाफ नामजद मुकदमा कायम कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही है।

क्या है मामला

सिवाया गांव की रहने वाली फुरकानी उर्फ निशू की चार साल पहले गांव में ही रहने वाले दूसरे संप्रदाय के युवक रविंद्र से शादी हुई थी। शादी के बाद परिजनों ने इस शादी का विरोध किया तो दोनो ने सिटी में आकर रहना शुरू कर दिया। दो महीने पहले गांव में फुरकानी अपने पति के साथ ससुराल में रह रही थी। मंगलवार को रविंद्र किसी काम से बाहर चला गया था। घर में फुरकानी के ससुर राजाराम निर्माण कार्य कर रहे थे, जिसमें फुरकानी मदद कर रही थी। बताया जा रहा है घर पर फुरकानी के दो भाई निजामुद्दीन व फुरकान पुत्र अली हसन आए तो फुरकानी ने उन्हें घर में बैठा लिया। फुरकानी दोनो के लिए पानी लेकर आई, दोनो ने पानी पीने के बाद चलते वक्त फुरकानी के माथे पर तमंचे से गोली मार दी। लहूलुहान हालत में फुरकानी को पुलिस एंबुलेंस में लेकर आनन्द हॉस्पिटल में पहुंची और उपचार के लिए भर्ती कराया।

तैयारी के साथ थे हमलावर

गोली मारकर हत्या करने के इरादे से हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। बताया जा रहा है दोनो भाई घर के अन्दर घुस गए जबकि दो युवक अलग-अलग बाइकों पर थे और बाइक स्टार्ट कर रखी थी। गोली मारने के बाद दोनो भाई एक-एक बाइक पर बैठ गए और अलग-अलग दिशा में बाइक से फरार हो गए। किसी की भी हमलावर का पीछा करने की हिम्मत नहीं हुई क्योंकि हमलावर तमंचे लहराते हुए फरार हुए।

देवरानी ने देखा

घटना के बाद मौका मुआयना करने के लिए पहुंचे सीओ बृजेश सिंह के सामने फुरकानी की देवरानी ज्योति ने बताया कि उन्होंने हमलावरों को भागते हुए देखा है, जिस समय गोली मारकर हमलावर भागे, उस दौरान मैं छत पर खड़ी हुई थी। दोनो हमलावर कोई और नहीं बल्कि फुरकानी के भाई है। सीओ ने इंस्पेक्टर दौराला जनक सिंह पुंडीर को जांच पडताल करने के लिए निर्देशित किया है।

इन्होंने कहा

फुरकानी को गोली मारकर घायल किया गया है। हमने उपचार के लिए आनन्द हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। दो हमलावरों के नाम प्रकाश में आए है। आरोप लगाया जा रहा है पीडि़ता के भाई ने ही उस पर हमला किया है। निजामुद्दीन और फुरकान के खिलाफ मुकदमा कायम कर कार्रवाई की जाएगी।

-बृजेश सिंह

सीओ, दौराला