BEGUSARAI/PATNA: सरकारी ऑफिसों का आलम यह है कि गेट खुलते ही भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है। शुक्रवार को बेगूसराय के वीरपुर प्रखंड में प्रशासनिक व्यवस्था की यही स्थिति दिखी। इतना ही नहीं, भगदड़ के बाद हेल्थ विभाग की पोल भी खुल गई। खाद्य सुरक्षा योजना में लाभ पाने के लिए आवासीय प्रमाण पत्र बनाने को उमड़ी भीड़ के कारण वीरपुर प्रखंड कार्यालय में भगदड़ मच गई। जिसमें आधा दर्जन लोग दब गए। एक की हालत गंभीर बताई गई है।

8 बजे ही जुटने लगे थे लोग

गेट पर सुबह 8 बजे से ही लोग जुटने लगे थे। सुबह 10.30 बजे गेट खुलते ही लोग आरटीपीएस काउंटर पर नंबर पाने के लिए दौर पड़े। कई महिलाएं जमीन पर गिर पड़ी और पीछे वाले लोग उसे कुचलते हुए आगे बढ़ गए। जिस कारण सकुंती देवी, चंद्रकला देवी, सैल कुमारी, दायरानी देवी आदि घायल हो गए। जिसमें सकुंति देवी की हालत गंभीर है।