- गौस नगर में दूसरे दिन भी जलभराव से परेशान रहे लोग, बढ़ा आक्रोश

- नाले की सुरंग चोक होने से जलभराव, आला अफसरों ने लिया जायजा

LUCKNOW: मौलवीगंज के गौस नगर में दूसरे दिन भी नाले का पानी सड़कों और घरों में भरा रहा। इस समस्या के चलते यहां रहने वालों की जिंदगी किसी नर्क के कम नहीं लग रही है। समस्या के चलते लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। दिन-रात लोगों को बदबूदार और गंदे पानी के बीच काटने पड़ रहे हैं। निवासियों ने अपनी शिकायत नगर निगम में दर्ज कराई, लेकिन विभाग में किसी की ओर से कोई सुनवाई नहीं की। लोगों ने कहा कि क्षेत्रीय पार्षद भी सुबह समस्या देखने के लिए आये, लेकिन देर शाम तक समस्या का निदान नहीं हुआ।

अफसरों ने दिए समस्या दूर करने के निर्देश

शनिवार को प्रशासनिक अधिकारी, अपर नगर आयुक्त अवनीश सक्सेना और नगर निगम अधिकारी गौस नगर पहुंचे। गौस नगर पहुंचते ही भारी पुलिस बल क्षेत्र में तैनात हुआ। लोगों ने प्रशासनिक अफसरों को अपनी समस्या बताई। अपर नगर आयुक्त अवनीश सक्सेना ने क्षेत्र के लोगों की समस्या का संज्ञान लेते हुए नगर निगम अधिकारियों से मामले की जानकारी मांगी। जूनियर इंजीनियर ने बताया कि नाले के ऊपर एक मक ान ढहाया गया जिसका काफी हद तक मलबा नाले में गिरा जिस कारण नाला दोनों ही प्वांइट चोक हो गए। यही नहीं अंदर बनी सुरंग में कर्मचारियों को जाने में समस्या हो रही है।

मशीन से तोड़ी जाएगी सुरंग

लोगों का कहना था कि जब तक पानी कम नहीं हो जाता, तब तक हम अपने घरों में भी नहीं जा सकते। नगर निगम अधिकारियों ने सुरंग तोड़ कर पानी का दबाव कम करने की बात कहीं है। अपर नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि रात भर सुरंग का मशीनी उपकरण से तुड़वाया जाए और लोगों की समस्याओं का निदान कराया जाए।