- स्मार्ट सिटी के लिए हुआ मंथन, प्राथमिकता में उद्योगों की स्थापना पर रहा जोर

- संवरेगा संजय कम्युनिटी हॉल और जल्द शुरू होगा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट

BAREILLY:

बरेली को स्मार्ट सिटी में सेलेक्ट हुए करीब 20 दिन गुजर चुके हैं, लेकिन सिटी को स्मार्ट बनाने का एक्शन प्लान अभी तक तैयार नहीं किया गया। ऐसे में वेडनसडे को कमिश्नर डॉ। पीवी जगनमोहन ने स्मार्ट सिटी को तेजी से गति प्रदान करने के लिए आयुक्त सभागार में मीटिंग का आयोजन किया। जिसमें जरी-जरदोजी और फर्नीचर उद्योगों को समानान्तर रुप से प्रमोट करने का आदेश दिया गया। ताकि इसे बरेली के मुख्य व्यवसाय के रुप में स्थापित किया जा सके। इसकी कार्य योजना पर जोर देते हुए कहा कि बरेली के आर्थिक विकास के क्षेत्र में यह दो पहिए साबित होंगे।

7 दिन में होगा कमेटी रजिस्ट्रेशन

स्मार्ट सिटी की रनिंग प्रॉसेज की जानकारी देते हुए नगर आयुक्त राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि एक्शन कमेटी बना ली गई है। जिसमें अध्यक्ष कमिश्नर, बीडीए उपाध्यक्ष समेत मेंबर के तौर पर जल निगम, विद्युत, नियोजन विभाग, पर्यावरण व नगर निगम के अधिकारियों को नियुक्त किया गया है। इसके बाद अब विशेष प्रयोजन साधन की समिति का रजिस्ट्रेशन कराया जाना बाकी है। कमिश्नर ने मौजूद अधिकारियों को 7 दिन के भीतर समिति का रजिस्ट्रेशन कराने के निर्देश दिए हैं। कहा कि कमेटी के रजिस्ट्रेशन के बाद स्मार्ट सिटी के लिए व्यापक स्तर पर कार्य योजना तय की जाएगी।

पीपीपी मॉडल पर होंगे कार्य

मेयर डॉ। उमेश गौतम ने बताया कि संजय कम्युनिटी हाल व गांधी पार्क में लगे राष्ट्रीय ध्वज को नगर निगम टेक ओवर किया जाएगा। संजय कम्युनिटी हाल को पीपीपी मॉडल पर संवारा जाएगा। इसमें एयर कंडीशनर लगवाकर कार्यक्रमों के लिए निर्धारित दरों पर आवंटित किया जाएगा। जिससे इनकम बढ़ेगी। जरूरत के मुताबिक इस हाल में एसी से लैस कमरे बनवाए जाऐंगे। बाकरगंज व रजऊपुर में सॉलिड वेस्ट मेनेटमेंट प्लांट के लिए करीब 5 विदेशी कम्पनी से बातचीत हुई है। यहां नगर निगम कूड़ा बेचकर आय करेगा और कम्पनी कूड़े से बिजली बनाकर उसका उपयोग करेगी। इससे सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट स्थापित होगा और आमदनी भी होगी। यहां डीएम आर विक्रम सिंह समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बरेली में जरी जरदोजी और फर्नीचर के व्यवसाय से लाखों लोग जुड़े हैं। जिसे इंडस्ट्री बनाने का प्रयास प्राथमिकता में रखने के निर्देश दिए हैं। कमेटी रजिस्टर्ड होते ही विकास के लिए एक्शन प्लान पर वार्ता होगी।

डॉ। पीवी जगनमोहन, कमिश्नर