मार्च में शहरी विकास मंत्रालय में सबमिट करना है प्रोजेक्ट

ALLAHABAD: इलाहाबाद को स्मार्ट सिटी थर्ड लिस्ट में शामिल कराने के लिए मजबूत प्लान शहरी विकास मंत्रालय में सबमिट करना है। इसके लिए सभी विभागों को नगर निगम और एडमिनिस्ट्रेशन के साथ मिलकर प्लान बनाना है, लेकिन अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी चुनाव में लगे होने के कारण, अभी तक मजबूत प्लानिंग नहीं हो पा रही थी। चुनाव खत्म होने के बाद अब स्मार्ट सिटी प्लान बनाने की तैयारी एक बार फिर तेज हो गई है।

ऐसा बनाएं जो फेल न हो

शनिवार को नए सिरे से एक बार फिर स्मार्ट सिटी प्लान की तैयारी शुरू हुई। इसके लिए नगर आयुक्त ने प्लान से जुड़े अधिकारियों के साथ मीटिंग की। इसमें स्मार्ट सिटी प्लान बनाने में लगे कंसल्टेंट भी शामिल रहे। मीटिंग में एबीडी एरिया को डेवलप करने और प्लानिंग पर चर्चा हुई। साथ ही अब तक की धीमी रफ्तार पर भी चिंता जताई गई। नगर आयुक्त शेषमणि पांडेय ने सभी को एलर्ट किया कि अब ऐसा प्रोजेक्ट बनाएं, जो फेल न होने पाए।

जल्द बुलाई जाए मीटिंग

एबीडी एरिया को डेवलप करने के लिए सभी विभागों को अब एकजुट होकर प्लान बनाना है और सुविधाओं को बढ़ाना है। इसके लिए जल्द से जल्द सभी विभागीय अधिकारियों की मीटिंग बुलाए जाने का निर्णय लिया गया। जिसमें बीसएनएल, रोडवेज, पीडब्ल्यूडी, जलनिगम के साथ ही अन्य विभागों के भी अधिकारी शामिल रहेंगे, ये एबीडी एरिया को पूर्ण रूप से डेवलप करने का प्लान बताएंगे।

सजेशन न आने पर जताई चिंता

इलाहाबाद को किस तरह से स्मार्ट बनाया जाए, क्या किया जाए और क्या न किया जाए, इसके लिए नगर निगम ने माई जीओवी साइट पर इलाहाबादियों से सुझाव मांगा है। करीब एक-डेढ़ महीने पहले ही लोगों से सुझाव देने की अपील की गई थी, लेकिन अभी तक केवल 38 सुझाव ही आए हैं। जबकि स्मार्ट सिटी राउण्ड-1 और राउण्ड-2 में करीब दो लाख से अधिक सुझाव माई जीओवी साइट पर आए थे। इस बार सुझाव न आने से अधिकारी चिंतित हैं।