- हिमपात के बाद पहाडि़यों ने ओढ़ी बर्फ की सफेद चादर

- देहरादून समेत मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 12-13 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचा

DEHRADUN: बुधवार को बदरीनाथ धाम के आसपास की पहाडि़यों पर बर्फबारी हुई। बर्फबारी के बाद पहाडि़यों ने सफेद चादर ओढ़ ली। बर्फबारी के बाद बदरीनाथ धाम के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी ठंड बढ़ गई है। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को सूबे में आसमान साफ रहने से लेकर आंशिक रूप से बादल रह सकते हैं।

धीरे-धीरे बढ़ रही ठंड

सूबे में इन दिनों दिन में गर्मी और सुबह-शाम ठंड का अहसास हो रहा है। तापमान धीरे-धीरे नीचे की ओर आ रहा है। देहरादून समेत मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान क्ख्-क्फ् डिग्री सेल्सियस के आसपास आ गया हैं, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में सात से नौ डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान चल रहा है। इस बीच बुधवार को चमोली जिले में दिनभर धूप के बाद शाम के वक्त मौसम के मिजाज में बदलाव आ गया।

बदरीनाथ धाम में छाए बादल

इसके साथ ही बदरीनाथ धाम में भी बादल छा गए। कुछ ही देर में बदरीनाथ के आसपास की पहाडि़यों में बर्फबारी हुई और पहाडि़यों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली। इससे न सिर्फ बदरीनाथ धाम बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी ठंड बढ़ गई है। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे नीचे की ओर आ रहा है। लेकिन फिलहाल मौसम शुष्क बने रहने के ही आसार हैं। कुछ स्थानों पर आसमान में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं।