-किसी के पास करोड़ों की दौलत तो किसी के बैंक में हैं मुट्ठीभर रुपए

-सभी चुनावी मैदान में भर रहे हैं दम, कही रुतबा तो कहीं सादगी से लड़ा जा रहा चुनाव

ALLAHABAD: नगर निगम मेयर के चुनाव में राजा और रंक दोनों किस्मत आजमा रहे हैं। कोई करोड़पति है तो किसी के पास मुट्ठीभर पैसे हैं। कोई रुतबा गांठ रहा है तो कोई हाथ जोड़कर वोट मांगने में लगा है। प्रत्याशियों की आर्थिक स्थिति के बारे में उन्होंने खुद अपने दिए शपथ पत्र में बताया है। केवल प्रत्याशी ही अमीर नहीं है। उनका जीवनसाथी भी मालामाल है। चुनाव में रौब दिखाने में इनमें होड़ मची है। पार्टी वाइज नहीं बल्कि निर्दलीय प्रत्याशी भी करोड़पति हैं।

सबसे अमीर अभिलाषा गुप्ता

एक बार मेयर रह चुकी भाजपा से अभिलाषा गुप्ता नंदी सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। वह करोड़ों की मालकिन हैं। बाकी प्रत्याशियों में कोई उनके आसपास भी नहीं ठहरता है। अंदाजा इसीसे लग जाता है कि पति कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी और अभिलाषा, दोनों के पास कुल 22 लाख रुपए कैश है। आठ फोर व्हीलर हैं और लाखों रुपए के सोने के गहने मौजूद हैं।

मुट्ठीभर पैसे लेकर उतरे मैदान में

दूसरी ओर मुट्ठीगंज के रहने वाले निर्दलीय प्रत्याशी मनीष जायसवाल शायद आर्थिक रूप से सबसे कमजोर हैं। इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल कर चुके मनीष के पास कुल 1247 रुपए बैंक खाते में मौजूद है। हालांकि, मां के साथ संयुक्त रूप मिले मकान की कीमत एक करोड़ रुपए है लेकिन व्यक्तिगत तौर पर मनीष के पास पैसे नहीं हैं। वहीं निर्दलीय नंदू के पास कुल 1.60 लाख रुपए की संपत्ति है और नकद 25 हजार मौजूद हैं। निर्दलीय ऊषा जोशी के पास पांच हजार रुपए नकद हैं और कुल संपत्ति उनकी 14.69 लाख रुपए है।

दूसरे नंबर पर हैं विजय मिश्रा

कांग्रेस प्रत्याशी विजय मिश्रा आर्थिक संपन्नता में अभिलाषा के बाद दूसरे नंबर पर आते हैं। उनके पास 48.49 लाख की चल संपत्ति मौजूद हैं ओर छह करोड़ से अधिक की अचल संपत्ति है। वाहन के मामले में वह दूसरे प्रत्याशियों से भी कमजोर है। खुद के पास साइकिल तक नही और पत्नी के नाम एक स्कूटी उन्होंने खरीदी है। सपा से विनोद चंद्र दुबे भी करोड़पति प्रत्याशियों की दौड़ में शामिल हैं। उनके पास 1.42 करोड़ रुपए की चल संपत्ति है। अचल संपत्ति के मामले में वह थोड़ा कमजोर साबित हो रहे हैं।

किसके पास कितनी दौलत

अभिलाषा गुप्ता नंदी: भाजपा

कुल कैश: 22 लाख

वाहन: दो टीवीएस बाइक, दो बीएमडब्ल्यू, फोर्ड इनडेवर, महिंद्रा एक्सयूवी, पसाट, रेक्सटान

जेवर: 2850 ग्राम सोना

चल संपत्ति: 2867 लाख

अचल संपत्ति: 2986 लाख

विजय मिश्रा: भाजपा

कुल कैश: 2.70 लाख

वाहन: मात्र स्कूटी

जेवर: 46 तोला सोना

चल संपत्ति: 48.49 लाख

अचल संपत्ति: 6.35 करोड़

विनोद चंद्र दुबे: सपा

कुल कैश: एक लाख

वाहन: टाटा क्वॉलिस

जेवर: 750 ग्राम सोना

चल संपत्ति: 1.42 करोड़

अचल संपत्ति: 12 लाख

रमेश केसरवानी: बसपा

कुल कैश: 21 लाख

वाहन: एक टाटा हेक्सा और एक सफारी

जेवर: 57 तोला सोना

चल संपत्ति: 44 लाख

अचल संपत्ति: 23 लाख

सलिल श्रीवास्तव: आप

कुल कैश: एक लाख

वाहन: नहीं

चल संपत्ति: 10.45 लाख

अचल संपत्ति: 80 लाख

मंजेश कुमार: एनसीपी

चल संपत्ति: 20 लाख

वाहन: इंडिका व सफारी

रईस अहमद: निर्दलीय

कुल कैश: 2.40 लाख

वाहन: बाइक व स्कूटी

चल संपत्ति: 38.95 लाख

अचल संपत्ति: 1.41 करोड़

हामिद अली: निर्दलीय

चल संपत्ति: 10.37 लाख

अचल संपत्ति: 80 लाख

जेवर: दस तोला

वाहन: सफारी, इंडिका, स्पलेंडर

राजेश उपाध्याय: निर्दलीय

कुल कैश: 48 हजार

चल संपत्ति: एक लाख

अचल संपत्ति: 27 लाख

जेवर: 50 ग्राम सोना

वाहन: मारुति कार