आगरा। थाना हरीपर्वत स्थित मां मरियम चर्च में युगांडा के एक छात्र ने मां मरियम की मूर्ति पर गुस्से में आकर पत्थर उछाल दिया। पत्थर लगने से मूर्ति बाल-बाल बची, जबकि कांच टूट गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्र को हिरासत में ले लिया। युवक एक कॉलेज से एम। कॉम कर रहा है।

कई दिनों से आना चाहता था

युगांडा निवासी अमन केस्टोलिग सिकंदरा स्थित एक कॉलेज से एम। कॉम की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस के मुताबिक डेढ़ महीने पहले वह मरियम के चर्च में प्रार्थना करने आया तो उसे चर्च के लोगों ने ही किसी बात पर बाहर निकाल दिया। इसके बाद वह बीच में फिर से आया तो उसे फिर अंदर नहीं आने दिया गया। शनिवार को समाज के लोग चर्च में कैंडल जलाने आते हैं। युगांडा का छात्र भी वहां पर शाम साढ़े पांच बजे आया। फादर ने उस दौरान भी उसका विरोध कर दिया। उसे कैंडल नहीं जलाने दी। इस बात से वह तैश में आ गया। उसने गुस्से में आकर मां मरियम की मूर्ति पर पत्थर दे मारा। पत्थर कांच पर लगा। पत्थर लगने से कांच टूट गया। मूर्ति बाल-बाल बच गई। पत्थर चलते ही चर्च में अफरा-तफरी मच गई। उसकी हरकत से लोग दहशत में आ गए। उस दौरान चर्च से पुलिस को फोन किया गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पुलिस उसे थाने ले आई। मामले में फादर ने मुकदमा दर्ज कराया है।