- मृतका की मां ने की थी दूसरी शादी, दूसरे पति से भी ठीक नहीं थे सम्बंध

- आरोपी मौके से फरार, पुलिस कर रही तलाश

SARHARI : चिलुआताल थाना एरिया के नकहा नंबर-एक चरगउवां टोला स्थित रामजानकी नगर में सौतेले पिता ने दो साल के मासूम बच्चे की गला घोंटकर हत्या कर दी। हैरान करने वाली इस घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच घटना की छानबीन में जुट गई है। आरोपी सौतेला बाप फिलहाल फरार है।

आवेश में आकर ली जान

मूल रूप से महराजगंज निवासी और पेशे से कारपेंटर प्रदीप चौरसिया किराये के मकान में रहता है। उसके साथ पत्नी मुन्नी और दो बच्चे रहते थे। जानकारों के मुताबिक प्रदीप मुन्नी का दूसरा पति है। बुधवार सुबह मुन्नी और प्रदीप के बीच झगड़ा हुआ। आवेश में आकर प्रदीप ने मुन्नी के पहले पति से हुए दो साल के बच्चे अभिमन्यु की गला दबाकर हत्या कर दी और भाग निकला।

पहले से थे संबंध

प्रदीप की पत्‍‌नी मुन्नी की पहली शादी महाराजगंज के कोठीभार निवासी मंटू से हुई थी। मंटू से उसे दो साल पहले बेटा अभिमन्यु पैदा हुआ। चर्चा है कि प्रदीप से पूर्व संबंधों के चलते ही पहले पति मंटू से मुन्नी का अक्सर झगड़ा होता था। मंटू ने इसी वजह से मुन्नी से अलग होने का फैसला किया। इसके बाद मुन्नी ने प्रदीप से शादी की और तीन माह से गोरखपुर में रह रही थी। एक महीने पहले प्रदीप से उसे एक और बेटा हुआ।

चल रही थी अनबन

प्रदीप और मुन्नी के प्रेम विवाह के बावजूद दोनों में कई मुद्दों को लेकर अनबन थी। पड़ोसियों की माने तो दोनों में अक्सर लड़ाई होती थी। बुधवार सुबह भी कुछ ऐसा ही हुआ। जिसके बाद प्रदीप ने अपने दो साल के सौतेले बेटे का गला दबोचा और तब तक नहीं छोड़ा जबतक उसकी सांस नहीं उखड़ गई। पड़ोसियों ने घटना की जानकारी 100 नंबर पर दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। एक पुलिस टीम प्रदीप की तलाश में जुट गई है।