- शाहपुर एरिया के डॉक्टर पर उत्पीड़न का आरोप

- बेचने की आशंका में घर से भागी किशोरी

GORAKHPUR: पिपराइच एरिया की एक किशोरी को उसकी सौतेली मां बेचने के चक्कर में लग गई है। मां की हरकतों की भनक लगने पर किशोरी ने घर छोड़ दिया है। वहीं, डर से भटक रही किशोरी के मददगारों का उत्पीड़न शाहपुर पुलिस करने लगी है। शुक्रवार को किशोरी कचहरी पहुंची। अधिवक्ताओं से मिलकर उसने मदद की गुहार लगाई। एसएसपी के व्यस्त होने से वह उनसे नहीं मिल सकी। किशोरी ने आरोप लगाया कि शाहपुर एरिया में प्रैक्टिस करने वाले एक डॉक्टर के इशारे पर पुलिस मददगारों को परेशान कर रही है।

बचपन में साथ छोड़ गए मां-बाप

शुक्रवार दोपहर एक किशोरी कुछ लोगों के साथ दीवानी कचहरी पहुंची। बताया कि बचपन में मां की मौत हो गई। इसके बाद पिता ने दूसरी शादी कर ली। कुछ दिनों के बाद पिता का साया भी सिर से उठ गया। इसके बाद सौतेली मां ने उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। गलत लोगों के संपर्क में रहने की वजह से वह उनके पास जाने का दबाव बनाने लगी। प्रतिकार करने पर उसकी पिटाई करती है। कुछ दिन पहले सौतेली मां ने शाहपुर एरिया में क्लीनिक चलाने वाले डॉक्टर के पास भेजा। डॉक्टर उसके साथ गलत हरकत करना चाहता था। इसलिए वह वहां से भाग कर गांव चली गई। पास पड़ोस के लोगों को अपनी पीड़ा बताई।

मददगारों को पकड़ ले गई पुलिस

गांव के लोगों ने उसकी मां की हरकतों का विरोध किया। इससे नाराज होकर सौतेली मां ने पिपराइच थाना में मददगारों के खिलाफ झूठी शिकायत कर दी। जांच में हकीकत सामने आने पर पिपराइच पुलिस ने किशोरी की मां को डांटकर भगा दिया। 15 दिन पहले किशोरी की मां अपने परिचित डॉक्टर के पास पहुंची। डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने किशोरी के मददगारों को पकड़ लिया। उनको थाने में रखकर पुलिस ने रुपए मांगने शुरू कर दिए। किशोरी को डॉक्टर के पास भेजने का दबाव भी बनाया गया। हालांकि बेचे जाने के डर से किशोरी दूसरे रिश्तेदारों के घर छिप गई। तभी से उसकी सौतेली मां, डॉक्टर और पुलिस उसके पीछे पड़े हैं। किशोरी ने अंदेशा जताया कि उसके मददगारों को जेल भेजवाकर सौतेली मां उसे बेच देगी।

वर्जन

इस तरह के किसी मामले की जानकारी नहीं है। किशोरी की तहरीर मिलने पर उसकी मां, आरोपी डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

अभय कुमार मिश्र, सीओ कैंट