सुबह दफ्तर गए लोगों के घर का ताला तोड़ कर लाखों के जेवरात व नकदी समेट ले गए चोर

ALLAHABAD: दिनदहाड़े एक के बाद एक कई घरों का ताला तोड़ कर चोरों ने नकदी समेत लाखों रुपए का सामान पार कर दिया। शुक्रवार दोपहर परियोजना अधिकारी ऊषा गुप्ता और रिटायर्ड फौजी सुरेश मणि त्रिपाठी घर से चोर करीब 18 लाख रुपये के जेवरात समेट कर फरार हो गए। सलोरी मोहल्ले हुई चोरी की इस घटना से लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची कर्नलगंज पुलिस देर शाम तक चोरों का पता नहीं लगा सकी। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

पीडि़तों ने दी तहरीर

कर्नलगंज थाना क्षेत्र के ओम गायत्री नगर सलोरी मोहल्ला निवासी सुरेश मणि त्रिपाठी भूतपूर्व सैनिक है। इन दिनों वह एक स्कूल में टीचर हैं। उनकी पत्‍‌नी भी शिक्षिका हैं। सुबह बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद पति-पत्‍‌नी पढ़ाने के लिए स्कूल चले गए। दोपहर बाद घर लौटे तो मकान का ताला टूटा था। कमरों में बिखरे हुए सामान को देख वे दंग रह गए। आलमारी में रखे 50 हजार रुपए नकद व करीब 10 लाख रुपये के सोने व चांदी के जेवरात गायब थे। इसी मोहल्ले में रहने वाली परियोजना अधिकारी ऊषा गुप्ता भी सुबह करीब साढ़े 11 बजे घर में ताला बंद करके दफ्तर गई थीं। ऑफिस में याद आया कि वह एक फाइल घर में ही भूल गई। दोपहर करीब दो बजे वह फाइल लेने घर पहुंचीं तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। आलमारी में रखे करीब डेढ़ लाख रुपए और पांच लाख के जेवरात चोरों गायब थे। सूचना पर पहुंची कर्नलगंज पुलिस ने दोनों घटनाओं की जांच की। मकान में लगा सीसीटीवी कैमरा बंद था। चौकी इंचार्ज ईश्वर शरण दुर्ग विजय का कहना है कि कुछ संदिग्ध युवकों से पूछताछ की जा रही है। चोर जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

पति के सामने पत्‍‌नी से लूट

जार्जटाउन थाना क्षेत्र स्थित सीएमपी डिग्री कॉलेज के पास बाइक सवारों ने अधिवक्ता अनिल तिवारी के सामने उनकी पत्‍‌नी का पर्स लूट लिया। पर्स में पांच हजार रुपये और जेवरात थे। कृष्णा नगर कीडगंज निवासी अनिल पत्‍‌नी के साथ सिविल लाइंस एक ज्वैलरी शोरूम गए थे। वहां जेवरात खरीदने के बाद स्कूटर से लौट रहे थे। सीएमपी के पास पीछे से पहुंचे बाइक सवारों ने धक्का दे कर महिला से पर्स लूट लिए और धमकी देते हुए भाग निकले। अधिवक्ता की तहरीर पर जार्जटाउन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी।