RANCHI: शिक्षक दिवस के अवसर पर 4 सितंबर को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का प्रसारण सुबह दस बजे से ग्यारह बजे तक दूरदर्शन, रेडियो पर किया जाएगा। इसके लिए झारखंड माध्यमिक शिक्षा परियोजना और जिला शिक्षा पदाधिकारी की ओर से रांची के सभी कैटेगरी के स्कूलों के प्रिंसिपल से अनुरोध किया गया है कि कार्यक्रम को अपने - अपने स्कूलों के स्टूडेंट्स को दिखाएं और सुनाएं। प्रिंसिपल को कार्यक्रम में स्टूडेंट्स की मौजूदगी भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

रिटायर टीचर को आज सम्मानित करेंगे विधानसभा अध्यक्ष

रांची यूनिवर्सिटी के बेसिक साइंस बिल्डिंग में गुरु वंदना पर्व का आयोजन शुक्रवार को आर्यभट्ट ऑडिटोरियम में किया जाएगा। इसमें चीफ गेस्ट विधानसभा अध्यक्ष डॉ। दिनेश उरांव होंगे। वे आरयू के रिटायर्ड शिक्षकों को समारोह में सम्मानित करेंगे। इस समारोह को लेकर टीचर्स को न्यौता दिया गया है। इस अवसर पर डॉ। कमल बोस के निर्देशन में महाभारत में रामायण नामक लघु नाटिका का भी मंचन किया जाएगा। इसका उद्देश्य अशांति में शांति की खोज करना है। इसके अलावा टीचर्स द्वारा रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति भी की जाएगी। समारोह की अध्यक्षता आरयू के वीसी डॉ। रमेश पांडेय करेंगे।

नन्हे कृष्ण ने मोहा सबका मन

गुरुवार को सेंट माइकल्स किड्स स्कूल, हेहल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन किया गया। स्कूल के नन्हे-नन्हे बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल-लीलाओं को अद्भुत एवं मनोभावन अंदाज में प्रस्तुत किया। झांकियों में तीन से पांच वर्ष के बच्चों ने भाग लिया। प्राचार्य वंदना बहल ने बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण की बाल-लीलाओं के प्रमुख रूपों का उल्लेख करते हुए जन्माष्टमी पर्व के महत्व को बताया है। विद्यालय के शौर्य कुमार सिंह ने कृष्ण की माटी खाना, आर्यन श्रीवास्तव ने माखन खाना और कंस वध करते हुए बुराई पर अच्छाई की जीत का दृश्य प्रस्तुत किया। वहीं, देवकी के रूप में अंशुला और अदात, यशोदा और नंद के रूप में आदया व युवराज, कंस के रूप में शौर्य कुमार, सैनिक के रूप में रेवांत ठाकुर और देवताओं के रूप में अर्णव(इंद्र), आयुष राज सिंह(शिव), रणवीर यादव (ब्रह्मा), कुमार युग(नारद) और अनामिका ने राधा का रोल अदा किया। पूरी मथुरा और गोकुल का दृश्य प्रस्तुत किया गया। कक्षा प्रेप के नाइसा, अक्षत, मानसी, आश्ना, आहाना और स्नेही ने भी अपने मोहक नृत्य से सबका मन मोह लिया।